सरकार ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को 10 रुपये के प्लास्टिक नोटों का फील्ड ट्रायल करने की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में कहा, ‘प्लास्टिक बैंक नोट्स का 5 स्थानों पर फील्ड ट्रायल करने का फैसला लिया गया है।’ मंत्री ने कहा, ‘प्लास्टिक नोटों की छपाई के लिए आरबीआई को मंजूरी दे दी गई है।’ उन्होंने कहा कि कई स्टडीज में साबित हुआ है कि प्लास्टिक के नोट मौजूदा कॉटन सबस्ट्रेट बेस्ड नोटों के मुकाबले ज्यादा चलेंगे।
हालांकि मेघवाल ने उन पांच स्थानों का खुलासा नहीं किया, जहां से प्लास्टिक के नोट का फील्ड ट्रायल शुरू किया जाना है| उन्होंने बताया कि सरकार ने इस आशय के फैसले को मंजूरी दे दी है|अभी ट्रायल का समय तय किया जाना बाकी है| इसके तहत पहले चरण में दस रुपये के प्लास्टिक के नोट चलाए जाएंगे| इन नोटों की उपलब्धता और छपाई के बारे में भारतीय रिजर्व बैंक को सूचित कर दिया गया है|
इनकी उपयोगिता के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में मेघवाल ने कहा कि रिजर्व बैंक ने बैंक नोटों के विश्वव्यापी प्रचलन की विधियों के अध्ययन के आधार पर दीर्घकाल तक चलन में रहने के कारण प्लास्टिक के नोट को बेहतर विकल्प माना है| इसके अलावा मौजूदा प्रचलन में जारी नोटों को नए सिरे से ठीकठाक करना और प्रकाशन में फाइबर मिश्रण के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है|
मंत्री ने कहा कि साइबर सिक्यॉरिटी पर इंटर-डिसिप्लिनरी कमिटी स्टैंडिग कमिटी का गठन किया गया है। यह कमिटी देश में साइबर सिक्यॉरिटी को मजबूत करने के उपायों को तलाशेगी। खासतौर पर डिजिटल इंडिया और कैशलेस इकॉनमी को बढ़ावा देने की नीति में साइबर सिक्यॉरिटी की अहम जरूरत बताई जा रही है।