एक क्लिक में पढ़े 18 जनवरी 2018 की बड़ी और चर्चित खबरें

0

1.प्रदेश में किसानों के हितों की रक्षा के लिये राज्य सरकार द्वारा सभी संभव प्रयास किये जायेंगे-मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में किसानों के हितों की रक्षा के लिये राज्य सरकार द्वारा सभी संभव प्रयास किये जायेंगे। प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर आज 40 लाख हेक्टेयर हो गया है, इसे और बढ़ाया जायेगा। मुख्यमंत्री आज उज्जैन जिले के तराना में विकास यात्रा के दौरान अंत्योदय मेले में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों और किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने घोषणा की कि तराना तहसील के प्रत्येक गाँव के लिये सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था के लिये नर्मदा-गंभीर परियोजना से पानी लिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो गाँव बचेंगे उनके लिये पृथक से सिंचाई की योजना बनाई जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मेले में 282 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। श्री चौहान ने इस अवसर पर उज्जैन जिले के लगभग 75 हजार किसानों के खातों में करीब 80 करोड़ की राशि ट्रांसफर की।

2. भारतीय सेना ने फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान के तीन सैनिक मार गिराए
जम्मू के आरएसपुरा सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास भारतीय चौकियों पर पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल का एक जवान आज शहीद हो गया। भारतीय सेना फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान के तीन सैनिक मार गिराए। बता दें कि पाकिस्तान की ओर से की गई फायरिंग में बीएसएफ जवान कांस्टेबल सुरेश शहीद हो गया। वह तमिलनाडु का निवासी था।

3. मुंबई: भारतीय CEO से मिले नेतन्याहू, 26/11 हमले में मारे गए लोगों को देंगे श्रद्धांजलि
इसराईल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का मुंबई दौरा काफी व्यस्त रहने की उम्मीद है। इस दौरान वह नाश्ता उद्योगपतियों के साथ करेंगे, उसके बाद 26/11 के आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देंगे तथा अन्य कार्यक्रमों के साथ ही बॉलीवुड के एक कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। भारत यात्रा पर पहुंचे नेतन्याहू का सुबह का जलपान उद्योगजगत के चुनींदा प्रमुख उद्योगपतियों के साथ होगा। इनमें महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा समूह के आनंद महिन्द्रा, पिरामल उद्योग समूह के अजय पिरामल, गोदरेज समूह के आदि गोरदेज और आईसीआईसीआई बैंक की प्रमुख चंदा कोचर के उपस्थित रहने की संभावना है।

4.परमाणु क्षमता से लैस अग्नि 5 मिसाइल का सफल परीक्षण
भारत ने परमाणु क्षमता से लैस बैलिस्टिक मिसाइल ‘अग्नि-5’ का सफल परीक्षण किया है। मिसाइल ‘अग्नि-5’ का आज ओडिशा तट से दूर व्हीलर द्वीप से परीक्षण हुआ। बता दें कि अग्नि 5 एक साथ हथियार ले जाने में सक्षम होगा और यह एंटी बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम के खिलाफ भी कार्रवाई करेगा। इस मिसाइल की ऊंचाई 17 मीटर और व्यास 2 मीटर है। इसका वजन 50 टन और यह डेढ़ टन तक परमाणु हथियार ढोने में सक्षम है। इसकी स्पीड ध्वनि की गति से 24 गुना ज्यादा है। यह अग्नि श्रृंखला की सर्वाधिक आधुनिक बैलिस्टिक मिसाइल है जो 5,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तक मार कर सकती है। इस परीक्षण के साथ भारत की स्वदेशी मिसाइल क्षमताओं तथा प्रतिरोधक शक्ति में और मजबूती आ गई है।

5. रूस अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का उल्लंघन करने में उत्तर कोरिया की मदद कर रहा है-ट्रम्प
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम ने कहा कि रूस अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का उल्लंघन करने में उत्तर कोरिया की मदद कर रहा है और उ. कोरिया हर दिन अमेरिका तक मार करने वाली लंबी दूरी के मिसाइल बनाने के करीब आ रहा है|श्री ट्रम्प ने कहा, रूस उ. कोरिया के मुद्दे पर हमारी मदद नहीं कर रहा है.चीन हमारे साथ किस तरह से सहयोग कर रहा है, रूस गड्ढा खोद रहा है|

6.WhatsApp में शामिल होगा नया फीचर, WhatsApp से भी भेज पाएंगे पैसे
वॉट्सऐप के जिस पेमेंट फीचर का इंतजार था, वह अगले महीने तक लाइव हो सकता है। ईटी को यह बात मामले की जानकारी रखने वाले सूत्र ने बताई है। वॉट्सऐप के इस फीचर से देश में डिजिटल पेमेंट्स को अच्छा-खासा बढ़ावा मिलेगा। सूत्रों ने बताया कि देश में बड़े पैमाने पर यूज होने वाला मेसेजिंग ऐप वॉट्सऐप यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) बेस्ड अपने पेमेंट प्लैटफॉर्म को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, ICICI बैंक, HDFC बैंक और एक्सिस बैंक के साथ इंटीग्रेशन के अलग-अलग चरण में है।

7.मां बनने की खबरों पर गुस्‍साईं ब‍िपाशा बोलीं- यह तभी होगा जब हम चाहेंगे
प्रेग्नेंसी की खबर को यूं तो ‘गुड न्यूज’ कहा जाता है. लेकिन बिपाशा के लिए ये खबरें ‘इरिटेटिंग न्यूज’ बनती जा रही हैं| ऐसा इसलिए क्योंकि ये खबरें झूठी हैं| लेकिन इस बारे में इतनी चर्चा हो रही है कि वह सुन-सुन कर परेशान हो चुकी हैं| उनकी यही परेशानी और झुंझलाहट हाल ही में उनके ट्विटर अकाउंट पर निकली| जब उन्होंने इन खबरों पर ब्रेक लगाते हुए साफ-साफ ट्वीट कर दिया| बिपाशा ने लिखा, मैं हैरान हूं, गाड़ी में बैठते हुए मैंने गोद में बैग रखा तो कुछ मीडियाकर्मी मेरी प्रेग्नेंसी के कयास लगाने लगे| यह थोड़ा इरिटेटिंग है, शांत रहिए, यह तभी होगा जब हम चाहेंगे|

8.पद्मावत पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, सभी राज्यों में 25 को होगी रिलीज
सुप्रीम कोर्ट ने आज एक अंतरिम आदेश जारी करते हुए फिल्म पद्मावत को सभी राज्यों में रिलीज करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात द्वारा इस फिल्म की रिलीज पर प्रतिबंध के आदेश पर रोक लगा दी। मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा, न्यायमूर्ति ए. एम. खानविलकर और न्यायमूर्ति धनंजय वाई चन्द्रचूड़ की खंडपीठ ने इस मामले में अंतिरम आदेश सुनाया है।

9.पंड्या अगर ऐसी बेवकूफाना गलतियां करे, तो वह मुझसे तुलना का हकदार नहीं -कपिल देव
भारत के दिग्गज आलराउंडर कपिल देव ने आज कहा कि अगर हार्दिक पांड्या दक्षिण अफ्रीका में दूसरे टेस्ट की तरह बेवकूफाना गलतियां करना जारी रखता है तो वह उनके साथ तुलना का हकदार नहीं है। पंड्या को कई बार कपिल के बाद भारत का सर्वश्रेष्ठ आलराउंडर बताया गया है। कपिल ने सेंचुरियन में दूसरे टेस्ट में पांड्या के बल्लेबाजी प्रदर्शन की आलोचना की।

10. भारत में फेस अनलॉक फीचर वाला Oppo A83 लॉन्च
Oppo का मिड रेंज स्मार्टफोन A83 भारत में लॉन्च कर दिया गया है| कंपनी ने इसकी कीमत 13,990 रुपये रखी है| ग्राहक इसे 20 जनवरी से फ्लिपकार्ट और अमेजन दोनों ही ई-स्टोर से खरीद पाएंगे| इस स्मार्टफोन की सबसे खास बात ये है कि इसमें फेस अनलॉक फीचर दिया गया है| ग्राहक इसे ब्लैक और गोल्ड कलर ऑप्शन में खरीद पाएंगे|

Previous articleपद्मावत पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, सभी राज्यों में 25 को होगी रिलीज
Next article19 जनवरी 2018 राशिफल – जानिए कैसा रहेगा आपके लिए शुक्रवार का दिन