गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया जायेगा स्थापना दिवस-कलेक्टर श्री अभिजीत अग्रवाल

0

टीकमगढ़ – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्री अभिजीत अग्रवाल ने कहा कि आगामी एक नवंबर को म.प्र. स्थापना दिवस जिले के सभी वर्गों के लोग मिलकर मनायेंगे। इसे स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस की तरह पूरी गरिमा के साथ उत्साह और उमंग से मनाया जायेगा तथा जिले के सभी लोग मिलकर इस दिन मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास का संकल्प लेंगे। जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय नजरबाग प्रांगण में आयोजित होगा। इस वर्ष यह कार्यक्रम एक नवम्बर से 3 नवम्बर तक मनाया जायेगा। श्री अग्रवाल ने इस संबंध में तैयारियों के लिये सभी को निर्देशित किया है।

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि आयोजित कार्यक्रमों में आनंद विभाग से संबंधित गतिविधयों को भी शामिल किया जाये। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर नेकी की दीवार/आनंद स्थल पर कपड़ों के अलावा सभी लोग स्वेच्छा से अतिरिक्त बर्तन, खिलौने तथा अन्य सामग्री भी दान करें। जिला मुख्यालय पर स्थित प्रमुख शासकीय भवनों पर एक नवंबर की रात्रि को प्रकाश की व्यवस्था की जायेगी।

मुख्य कार्यक्रम नजरबाग में होगा

   जिला स्तर पर मुख्य समारोह एक नवम्बर 2017 को प्रातः 10:30 बजे से नजगबाग प्रांगण में प्रारंभ होगा। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वारोहण किया जायेगा, तत्पश्चात राष्ट्रगान होगा तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जायेगा। इसके बाद उपस्थित जनसमूह को प्रदेश के विकास एवं समृद्धि के लिये दृढ़ प्रतिज्ञ होने का संकल्प दिलाया जायेगा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों को पुरस्कृत किया जायेगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक समारोह तथा मध्यप्रदेश 2022 संकल्प पर एकाग्र कार्यक्रम भी किया जायेगा। दो नवम्बर 2017 को मुख्यतः महिलाओं से संबंधित कार्यक्रम, भजन, लोकगायन, मेला, हस्तनिर्मित वस्तुओं के स्टॉल, व्यंजन मेला, प्रतियोगितायें, स्वास्थ्य संबंधी कार्यशाला इत्यादि पर कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। तीन नवम्बर 2017 को युवाओं, कृषकों की भागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम, जिनमें भारतीय खेलों की प्रदर्शनकारी तथा प्रतियोगितात्मक प्रस्तुतियों को समाहित किया जायेगा। इसमें दंगल एवं स्थानीय खेलों को भी जोड़ा जायेगा।
कार्यक्रम में जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों एवं शहीद सैनिकों के परिवारों, जन-प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, व्यावसासियों, समाजसेवियों, धर्मगुरूओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, केंद्रीय शासन के अधिकारियों, रेल्वे के अधिकारियों, कमर्शियल अधिकारी, आर्मी फोर्स के अधिकारी तथा शासकीय अधिकारी/कर्मचारियों को आमंत्रित किया जायेगा। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी।

विकासखंड स्तर

   प्रत्येक विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का स्वरूप भी जिला स्तर के कार्यक्रम के अनुरूप होगा। विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उस विकासखंड मुख्यालय के विधायक होंगे। यदि विधायक के क्षेत्र में दो विकासखंड मुख्यालय है तो वे किसी एक का चयन कर सकेंगे। ऐसे विकासखंड जहां विधायक उपलब्ध नहीं होंगे, वहां संबंधित जनपद अध्यक्ष मुख्य अतिथि होंगे।

नगरपालिका/नगर पंचायत स्तर

   विकासखंड मुख्यालय पर स्थित नगर पालिका/नगर परिषद् में पृथक से कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा। विकासखंड मुख्यालय से भिन्न स्थान पर स्थित नगरपालिका/नगर परिषद् के क्षेत्र में भी उपरोक्तानुसार ही कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसके मुख्य अतिथि संबंधित निकाय के अध्यक्ष होंगे।

ग्राम पंचायत स्तर

   ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभात फेरी निकाली जायेगी तथा ग्राम सभा होगी और उपरोक्तानुसार कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसकी अध्यक्षता संबंधित सरपंच करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here