यात्रा के दौरान प्रदेश में देखने को मिली सामाजिक सदभाव की मिसाल

0

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नर्मदा सेवा यात्रा अब तक जिन स्थानों से होकर निकली है, वहाँ सामाजिक सदभाव की अनोखी मिसाल देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा राज्य सरकार ने प्रारंभ की है, परन्तु वास्तविक रूप से समाज ने इसका मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज खरगोन जिले के कसरावद के नजदीक नावड़ातौड़ी नर्मदा तट पर ‘नमामि देवि नर्मदे’-सेवा यात्रा में जन-संवाद को संबोधित कर रहे थे। श्री चौहान सेवा यात्रा के साथ करीब 4 किलोमीटर पैदल भी चले। यात्रा की आज खास बात यह रही कि महिला हॉकी टीम भी मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ थी। यात्रा के जत्थे में करीब 75 हजार भक्त शामिल हुए। इस मौके पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि दुनिया में भारत की बेटियों ने हॉकी के क्षेत्र में मान बढ़ाया है। उन्होंने 2 लाख रूपये की पुरस्कार राशि को बढ़ाते हुए 25 लाख रूपये की राशि पुरस्कार के स्वरूप देने की घोषणा की। सिंगापुर से सोना लाने वाली महिला हॉकी टीम की कप्तान सुश्री सुशीला चानू ने मध्यप्रदेश सरकार के नर्मदा स्वच्छता अभियान की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा विश्व में नदी संरक्षण के लिये सबसे बड़ी सेवा यात्रा है। सिने अभिनेता अमिताभ बच्चन और स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने भी नर्मदा स्वच्छता अभियान का समर्थन किया है। नर्मदा सेवा यात्रा को विदेशों से भी जन-समर्थन मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पेड़ लगाना सरकार का ही नहीं बल्कि समाज का भी दायित्व है। नर्मदा नदी के तट के एक-एक किलोमीटर के दायरे में दोनों तटों पर सरकारी और निजी भूमि पर वृक्षारोपण किया जायेगा। जो किसान अपनी निजी भूमि पर वृक्षरोपण करेगा, उसे तीन वर्ष तक प्रति हेक्टेयर 20 हजार रूपये प्रदान किये जायेंगे। श्री चौहान ने कहा कि नर्मदा नदी के किनारों पर आने वाले शहर में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किये जायेंगे। ट्रीटेड वॉटर को किसानों के उपयोग के लिये दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि अवैध शराब बिक्री करने वाले ठेकेदारों को बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने कहा कि जन अभियान के साथ प्रदेश में शराब बिक्री पर रोक लगाने की कार्यवाही की जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जन-समुदाय को नर्मदा नदी के संरक्षण के प्रति जन जागरूकता लाने का संकल्प दिलाया।

मुख्यमंत्री ने की सामाजिक सदभाव की प्रशंसा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जन-संवाद में सेवा यात्रा के दौरान सामाजिक सदभाव की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सब धर्म के लोग एक मंच पर बैठे हैं। यह एक अच्छी परम्परा है। श्री चौहान ने कहा कि यह बड़े गौरव की बात है कि नर्मदा सेवा यात्रा में अलग-अलग धर्म के लोग एक-एक दिन का खर्च जनहित में वहन कर रहे हैं। सेवा यात्रा में हिन्दू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई सभी धर्मावलंबी भी शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here