संघ ने भाजपा से कहा जरुरी सुधार कर लो वरना आसान नहीं ‘2019’ के लोकसभा चुनाव

0

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के सामने खतरे की घंटी बजाई है। संघ ने दो मुद्दों का हवाला देकर चिंता जताई है कि बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं अगले आम चुनाव में भाजपा के लिए भारी पड़ सकती हैं। संघ ने भाजपा को चेतवानी दे डाली है कि कुछ जरूरी सुधार कर लिए जाएं वरना 2019 के लोकसभा चुनाव तथा 2018 में हो रहे कुछ राज्यों के विधानसभा चुनावों में सब कुछ आसान नहीं रह जाएगा।

संघ ने भाजपा को दी चेतावनी
भारतीय मंजदूर संघ से जुड़े संघ के एक नेता ने कहा कि वे लोग किसानों की समस्याएं और नौकरी के मौकों की कमी को लेकर भाजपा को बार-बार चेतावनी दे रहे थे। अगर सरकार बात पर ध्यान देती तो भाजपा का गुजरात में इस तरह का प्रदर्शन नहीं होता। भाजपा ने गुजरात में भले ही सरकार बना ली हो लेकिन चुनाव के नतीजों से ना तो पार्टी संतुष्ट है और ना ही संघ। संघ ने गुजरात से मिले अपने फीडबैक को भाजपा के साथ सांझा किया है। संघ का मानना है कि नौकरी की कमी झेल रहा युवा सरकार से दुखी हो रहा है और ये मोहभंग होने वाली जैसी हालत है।

2019 के लोकसभा चुनाव आसान नहीं 
संघ सूत्रों ने कहा कि अगर भाजपा इन दो मुद्दों पर काम नहीं करती है तो 2019 के लोकसभा चुनाव और 2018 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की राह मुश्किल हो सकती है। संघ के कुछ लोग भी मानते हैं कि गलत आर्थिक नीतियां किसानों और युवाओं की मुश्किलों का सबब बनती जा रही है। इस बारे में स्वदेशी जागरण मंच जो संघ का ही एक हिस्सा है, ने सरकार को कुछ सुझाव दिए हैं। अगर वक्त पर कदम नहीं उठाए गए तो हालात नियंत्रण से बाहर जा सकते हैं। वैसे तो स्वदेशी जागरण मंच ने जी.एस.टी. में किए गए बदलावों पर संतोष जताया है और इसे सकारात्मक कदम कहा है।

भाजपा पर करीब से नजर रखेगा संघ 
संघ अब भाजपा पर नजदीक से नजर रखेगा। इसके लिए संघ ने अपनी एक संस्था का कार्यालय भाजपा मुख्यालय के बगल वाले बंगले में बनाया है। बताया जा रहा है कि यहां से संघ के इस संगठन के कामकाज के अलावा भाजपा पर नजर रखने का भी काम होगा। सूत्र बताते हैं कि संघ की अहम एवं प्रभावी संस्था इतिहास संकलन का कार्यालय अब संघ कार्यालय झंडेवालान से हस्तांतरित होकर भाजपा मुख्यालय के बगल वाले बंगले 11-ए में पहुंच गया है। वैसे तो संघ भाजपा की मातृ संस्था है और भाजपा की रीति नीति पर संघ हावी रहता है। मगर अब भाजपा मुख्यालय के बगल वाले बंगले में संघ की संस्था का कार्यालय खोलने को पार्टी की गतिविधियों पर करीब से नजर रखने के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा का मुख्यालय 11 अशोक रोड पर है, इस बंगले और भाजपा मुख्यालय में महज एक दीवार का फर्क है। माना यह भी जा रहा है कि भले ही यह कार्यालय संघ की संस्था इतिहास संकलन का है मगर इसके जरिए तमाम संघ प्रचारकों और अधिकारियों का यहां आने-जाने का सिलसिला बढ़ेगा।