सरकार कृषि के विकास और किसानों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है- लोक निर्माण मंत्री

0

रायसेन- (ईपत्रकार.कॉम) |वर्ष 2022 में किसानों की आय को दोगुना करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार खेती की उन्नत तकनीक, खाद-बीज तथा अन्य सुविधाएं किसानों को मुहैया कराने के लिए निरंतर काम कर रही है। यह बात लोक निर्माण मंत्री श्री रामपाल सिंह ने बेगमगंज में आयोजित किसान संगोष्ठी में कही। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री सिंचाई योजना तथा आपदा में किसानों को राहत देने के लिए प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना चलाई जा रही है। सरकार कृषि के विकास और किसानों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है।

लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने किसानों से कहा कि बहुफसलीय खेती के साथ-साथ पशुपालन तथा उद्यानिकी को भी अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि किसानों तक हर जानकारी पहुंचे, इसके लिए कृषि अधिकारियों से गांव का निरंतर भ्रमण कर किसानों को खेती में हो रहे बदलावों के बारे में बताने के लिए कहा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। खेती के विकास तथा किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्रदान करने के लिए भावांतर योजना प्रारंभ की गई है। इस योजना के अंतर्गत समर्थन मूल्य तथा किसान के द्वारा कृषि उपज मंडी समिति के प्रांगण में उपज विक्रय किये जाने पर पाए जाने वाले घोषित मॉडल विक्रय दर के अंतर की राशि को प्रतिपूर्ति के रूप में किसानों को प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा कई गुना बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बेगमगंज क्षेत्र में सेमरी जलाशय बन जाने से सिंचाई के रकबे में बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने कहा कि बेगमगंज में 34 करोड़ रूपए की बीमा राशि किसानों को वितरित की गई है। इसके पहले 23 करोड़ रूपए की राहत राशि बांटी गई थी। उन्होंने बताया कि सरकार ने किसानों को नुकसान से बचाने के लिए आठ रूपए प्रति किलो के मान से प्याज खरीदी की है। इसके साथ ही मूंग और तुअर की भी खरीदी की गई।

लोक निर्माण मंत्री श्री सिहं ने कहा कि संकट की घड़ी मे सरकार सदैव किसानों के साथ है। चाहे मौसम की मार रही हो या उपज का सही दाम नहीं मिल रहा हो। उन्हें सरकार ने बड़ी राहत पहुंचाने का काम किया है। खाद-बीज पर सरकार 10 प्रतिशत सब्सिडी किसानों को दे रही है। इसके साथ ही शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

श्री सिंह ने कहा कि गांव को पक्की सड़कों से जोड़ा जा रहा है जिससे विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल संरक्षण की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। इसके आने वाले समय में परिणाम परिलक्षित होंगे। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की अनेक योजनाओं का उल्लेख किया।

खेती की वैज्ञानिक पद्धति अपनानी होगी- कलेक्टर
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे ने कहा कि अब खेती के वैज्ञानिक तरीके अपनाने होंगे ताकि अधिक से अधिक लाभ अर्जित किया जा सके। श्रीमती वालिम्बे ने कहा कि मौसम की प्रतिकूलता को दृष्टिगत रखते हुए बहुफसलीय तथा कम पानी वाली खेती की ओर अग्रसर होना पड़ेगा। खेती के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्य पालन तथा उद्यानिकी को भी अनिवार्य रूप से अपनाना होगा ताकि आपदा में खेती के घाटे को कम किया जा सके। सहायक कृषि के रूप में किसानों को खेती की नवीनतम एवं उन्नत तकनीकों की सम्पूर्ण जानकारी देने के लिए कृषि संगोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने इस कार्यक्रम में आए किसानों से कहा कि वे यहां से जो जानकारी लेकर जा रहे हैं, उसे गांव-गांव तक किसानों तक पहुंचाए।

संगोष्ठी में उपं सचालक कृषि श्री एनपी सुमन तथा कृषि विज्ञान केन्द्र रायसेन के कृषि वैज्ञानिक डॉ स्वप्निल दुबे ने कृषि विभाग द्वारा संचालित अनेक योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में कृषि उपज मण्डी अध्यक्ष श्रीमती राधा बाई बरकड़े, सीईओ जिला पंचायत श्री अमनवीर सिंह बैंस सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

लोक निर्माण मंत्री ने 35 करोड़ रूपए के कार्यो का किया शिलान्यास
लोक निर्माण मंत्री श्री रामपाल सिंह द्वारा कार्यक्रम 35 करोड़ रूपए के निर्माण कार्यो का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि क्षेत्र ही नहीं पूरे प्रदेश में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विकास ही नहीं बल्कि लोगों के कल्याण के लिए भी अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।

लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह द्वारा ग्राम खिरिया सुकलराय में 9 करोड़ 47 लाख रूपए की लागत से स्वीकृत 13.80 किलोमीटर लम्बे भोपाल-सागर मार्ग कोलूघाट मंदिर के पास से खिरियात सुकलराय-कटंगी हनुमान मंदिर-उमरखोह से टपरा मार्ग निर्माण तथा बेगमगंज में राजमार्ग निधि के अंतर्गत 18 करोड़ 36 लाख रूपए की लागत से स्वीकृत 3 किलोमीटर 475 मीटर लम्बे रायसेन-राहतगढ़ मार्ग बेगमगंज शहरी क्षेत्र में दो लेन से चार लेन मार्ग का शिलान्यास किया गया।

Previous articleपेटलावद में ब्लास्ट पीड़ितो की सुनवाई की गई
Next articleभारत ने आस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया, सीरीज में 3-0 से आगे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here