अमेरिका और तालिबान के बीच शांति समझौते के बावजूद अफगानिस्तान में धमाके नहीं थम रहे. दक्षिणी अफगानिस्तान में हुए एक बम धमाके में आठ लोग मारे गए. घटना बुधवार की है. मारे गए लोगों में 6 बच्चे भी शामिल हैं. यह जानकारी हेलमंड प्रांत के पुलिस प्रवक्ता जमां हमदर्द ने दी है.
हमदर्द के अनुसार मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के हैं. इस हमले में दो लोग घायल भी हुए हैं. जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई, जब परिवार के लोग कार में सवार होकर दक्षिणी जिले से ग्रेश्क के लिए निकले थे. इसी दौरान फेंका गया एक बम आकर कार से टकराया.
अफगानिस्तान में यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब देश में शांति के लिए अमेरिका और तालिबान के बीच शांति वार्ता चल रही है. अभी मंगलवार को ही तालिबान ने तीन सदस्यों की तकनीकी टीम समझौते के अनुरूप तालिबानी कैदियों की रिहाई की मॉनिटरिंग के लिए काबुल भेजी थी.






























































