अमरीकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने कहा है कि आतंकी संगठनों के साथ अपने संबंधों में बदलाव करना पाकिस्तान के हित में है। उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि ट्रंप प्रशासन देश को कार्रवाई योग्य खुफिया सूचना पर कार्रवाई का अवसर देगा।
टिरलसन ने सोमवार को कांग्रेस की एक सुनवाई में कहा कि पाकिस्तानी सरकार के साथ बातचीत से अफगानिस्तान में एक सफल शांति प्रक्रिया के वह सर्वाधिक लाभार्थियों में शामिल होगा। टिलरसन ने पिछले हफ्ते अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत की यात्रा की थी।
वह ट्रंप की दक्षिण एशिया नीति को लेकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान के सहयोग पर सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया, ‘‘पाकिस्तानियों ने संकेत दिया है कि यदि अमरीका ने उन्हें सूचना दी तो वे लोग कार्रवाई करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम उनकी जांच करने जा रहे, ताकि उन्हें ऐसा करने का अवसर मिले।’’






























































