कलेक्टर ने किया अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण

0

सीहोर  – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्री गणेश शंकर मिश्रा ने बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील न्यायालय, अनुविभागीय अधिकारी न्यायालय, स्थापना शाखा, निर्वाचन संबंधी कार्यों आदि का अवलोकन किया।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने तहसील न्यायालय में चल रहे प्रकरणों की सुक्ष्मता से जांच की एवं स्वयं सारी जानकारी तहसीलदार से ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कर्मचारियों को कड़े शब्दों में हिदायत दी कि कर्मचारियों द्वारा राजस्व न्यायालय की व्यवस्थाओं में बाधा उत्पन्न करने अथवा कार्य को जाने-अनजाने प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो कर्मचारी के विरुद्ध कार्यवाही होगी। राजस्व प्रकरणों का निराकरण शीघ्र न करने के चलते कलेक्टर ने तहसीलदार के विरुद्ध नाराजगी व्यक्त की।

कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में आपराधिक एवं राजस्व प्रकरणों का अवलोकन करते हुए अनुविभागीय अधिकारी को निर्देशित किया कि राजस्व प्रकरण के निपटरों में तेजी लाएं एवं आपराधिक प्रकरणों का स्वयं विवेक से निर्णय लेकर निराकरण करें। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय की कार्यप्रणाली पर संतुष्टि व्यक्त की। इसी प्रकार कलेक्टर ने स्थापना शाखा के रिकार्ड की जांच की, निर्वाचन संबंधी कार्य जैसे फोटो युक्त नामावली आदि की जानकारी संबंधित शाखा प्रभारी से ली।

जिले की श्यामपुर तहसील के ग्राम पीलूखेड़ी के कृषक पाले से प्रभावित हुई फसल के सर्वे की मांग को लेकर कलेक्टर के पास पहुंचे। कलेक्टर ने राजस्व निरीक्षक को तत्काल ग्राम पहुंचकर प्रभावित फसल का सर्वे कराने के लिए निर्देशित किया।

Previous articleनरहेला समूह ग्राम जल प्रदाय योजना का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
Next article15 जनवरी से 30 जनवरी तक सभी हैण्ड पंपों का भौतिक सत्यापन करना सुनिश्चित करें – संभागायुक्त श्री कियावत