क्रिकेट से राजनीति में आए नवजोत सिंह सिद्धू आखिरकार रविवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। हालांकि यह कार्यक्रम काफी गुप्त रखा गया और इस मौके पर पंजाब कांग्रेस का कोई नेता मौजूद नहीं था। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी में शामिल हुए। सिद्धू की पत्नी पहले ही कांग्रेस में शामिल हो चुकी हैं।
इससे पहले 12 जनवारी को सिद्धू और राहुल के बीच बैठक हुई थी और वह बैठक करीब आधे घंटे चली, जिसमें उनके पार्टी में शामिल होने के तौर-तरीकों एवं इस पार्टी में उनकी भावी भूमिका के बारे में चर्चा हुई थी। यह दोनों नेताओं के बीच दूसरी बैठक थी। इससे पहले दोनों नेता दिसंबर की शुरुआत में मिले थे।
सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर, अकाली दल के पूर्व विधायक परगट सिंह के साथ पहले ही कांग्रेस में शामिल हो चुकी हैं। सूत्रों ने कहा कि सिद्धू के अमृतसर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की संभावना है जहां का प्रतिनिधित्व वर्तमान में उनकी पत्नी नवजोत कौर कर रही हैं।


































































