रायसेन – (ईपत्रकार.कॉम) |मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के कल्याण तथा खेती के विकास के लिए कार्य करने हेतु कृत संकल्पित है। किसान कर्ज के बोझ तले दबे न रहे, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा किसानों का दो लाख रूपए तक का फसल ऋण माफ करने सहित हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है। यह बात कुटीर एवं ग्रामोद्योग, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री हर्ष यादव ने जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत गौहरगंज में आयोजित किसान सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान को इस ऋण माफी योजना का लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया गया है। प्रभारी मंत्री श्री यादव ने किसानों को फसल ऋण माफी के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।
प्रभारी मंत्री श्री यादव ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार तेजी से कार्य कर रही है। किसानों का दो लाख रूपए तक का फसल ऋण माफ करने के बाद राज्य सरकार ने खेती की लागत कम करने के लिए किसानों के 10 हार्स पावर तक की मोटर के विद्युत बिल को आधा कर दिया है। उन्होंने बताया कि गौहरगंज तहसील के 613 किसानों के फसल ऋण खातों में एक करोड़ 17 लाख 14 हजार 918 रूपए की राशि हस्तांतरित हो गई है। जिले में अब तक 3289 किसानों के फसल ऋण खातों में 6 करोड़ 86 लाख 91 हजार 212 रूपए की राशि हस्तांतरित हो गई है। शेष पात्र किसानों के ऋण खातों में शीघ्र ही राशि हस्तांतरित हो जाएगी।
प्रभारी मंत्री श्री यादव ने कहा कि समाज के सभी वर्गो के कल्याण और विकास के लिए योजनाएं प्रारंभ की जा रही है। शहरी क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वाभिमान योजना प्रारंभ की गई है। इसके तहत युवाओं को एक वर्ष में 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के पूर्व उनकी रूचि अनुसार ऐसे ट्रेड में कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है जिससे कि उन्हें भविष्य में स्थायी रोजगार प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि इंदिरा गृह ज्योति योजना के तहत जो गरीब वर्ग है उनका 100 यूनिट तक का बिजली बिल आने पर उन्हें सिर्फ 100 रूपए ही जमा करने होंगे। इसी प्रकार कन्या विवाह योजना में सहायता राशि 25 हजार से बढ़ाकर 51 हजार करने, वृद्धावस्था पेंशन योजना की राशि 600 रूपए करने सहित अनेक जनहितैषी निर्णय भी लिए जा रहे हैं। कार्यक्रम में मण्डीदीप नगरपालिका अध्यक्ष श्री बद्री सिंह चौहान, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्री मुमताज खान सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।






























































