चुनाव ड्यूटी में लगे सभी शासकीय सेवक फॉर्म-12 अनिवार्यतः भरें

0

मतदान का प्रशिक्षण लेने वाले सभी शासकीय सेवक डाक मत पत्र के लिए आवेदन फॉर्म (फॉर्म-12) जरूर प्राप्त करके उसको पूरा भरें। साथ ही यदि किसी शासकीय सेवक का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो वे फॉर्म-6 भरें, जिससे उनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जा सकें। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रूचिका चौहान ने मतदान दलों के प्रशिक्षण में शामिल अमले को दिए।

मतदान दलों को रतलाम में दिए जा रहे प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस 1156 मतदान कर्मी प्रशिक्षित किए गए। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती चौहान ने शासकीय कन्या महावि़द्यालय पहुंचकर प्रशिक्षण कार्य का गंभीरता से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे मतदान दलों से प्रश्न भी पूछे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष जोर है। आयोग ने शत-प्रतिशत अधिकारी-कर्मचारियों से मतदान कराने को कहा है। इसलिए ऐसे सभी शासकीय सेवक जिनकी मतदान दलों अथवा चुनाव संबंधी अन्य कार्य में ड्यूटी लगी है वे फॉर्म-12 भरकर अपने मताधिकार का उपयोग जरूर करें। साथ ही जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं हैं वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा लें, ताकि मताधिकार का उपयोग कर सकें।

Previous articleOLX पे अपलोड हो गयी
Next articleप्राकृतिक संसाधनों का बड़े पैमाने पर उपयोग करना भारतीय परंपरा नहीं है-पीएम मोदी