जिले में 500 युवाओं को जीएसटी फॉर्म कार्य के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा – श्री गुप्ता

0

मन्दसौर  – ईपत्रकार.कॉम |मध्यप्रदेश व्यापार संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष श्री मनमोहन गुप्ता द्वारा सर्किट हाउस में सभी व्यापारी संघ एवं अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उद्योग के महाप्रबंधक, वाणिज्य कर अधिकारी, मंडी सचिव, श्रम अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी सहित सभी व्यापारी संघ के प्रमुख एवं व्यापारी मौजूद थे। बैठक में श्री गुप्ता ने कहा कि आने वाले समय में जिले में 500 युवा एवं युवतियों को जीएसटी फार्म भरने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 3 माह का होगा 3 माह के प्रशिक्षण के पश्चात जिला कलेक्टर के द्वारा इन 500 युवा एवं युवतियों को एक कलेक्टर के द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा कि यह व्यक्ति जीएसटी रिटर्न के फार्म फिलअप करने में दक्ष है। इसके माध्यम से जिले में जीएसटी रिटर्न फार्म एवं कार्य करने के लिए 500 सेंटर तैयार होंगे।

उन्होंने बताया कि हर 3 माह में जिला कलेक्टर एवं एसपी के मार्ग निर्देशन में 11 पदाधिकारियों के साथ व्यापारियों की बैठक आयोजित होगी। इन 11 पदाधिकारियों में लीड बैंक मैनेजर, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक, वाणिज्य कर अधिकारी, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के अधिकारी, खाद्य नागरिक आपूर्ति अधिकारी, श्रम अधिकारी, खाद्य विभाग के कंट्रोलर शामिल होंगे। जिसमें व्यापारी अपनी समस्याओं को इस बैठक में रख सकेंगे तथा उनका निराकरण भी तुरंत किया जाएगा। इस तरह की बैठकें हर 3 माह में आयोजित की जाएगी। इन बैंकों के बाद जिले से आई समस्याओं को प्रदेश स्तर पर कलेक्टर के माध्यम से रखा जाएगा। कलेक्टर के द्वारा इन समस्याओं को व्यापार संवर्धन बोर्ड को पहुंचाई जाएगी, जिस पर समाधान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि युवा व्यापारियों को प्रशिक्षण देने के लिए विदेश भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं, इसके माध्यम से युवा विदेश से व्यापार करने के तरीके, हुनर, किस तरह से व्यापार को लाभ का धंधा बना सकते हैं जैसी महत्वपूर्ण चीजें सीख कर आएंगे। इसके माध्यम से युवा इंटरनेट के जरिए व्यापार को आगे बढ़ावा देंगे विदेशों में करोड़ों भारतीय हैं, उन तक भारत की ही वस्तुएं पहुंचे इसके लिए इंटरनेट के माध्यम से व्यापार बहुत जरूरी है। अगर उन भारतीय तक भारत की वस्तुएं पहुंच जाती हैं, तो भारत का व्यापार बहुत आगे बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को कृषि के क्षेत्र में लगातार 5 वर्ष से कृषि कर्मण अवार्ड मिल रहा है। कृषि की तरह ही व्यापार को भी आगे बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे तथा प्रदेश के व्यापार को देश में नंबर वन लाने के सारी कोशिशें की जाएगी।

उन्होने कहा कि मध्य प्रदेश पिछड़े प्रदेश से निकलकर आज विकसित मध्य प्रदेश के रूप में सामने आया है। इसको और गति देने के लिए आवश्यकता है और जिसमें सभी व्यापारियों की सराहनीय भूमिका रहेगी। प्रशासन और व्यापार के बीच में सामंजस्य बने इसके लिए और अधिक से अधिक सार्थक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारी निहायत ही कर्मठ एवं इमानदार होते हैं। जिसमें मध्य प्रदेश के व्यापारियों की अपनी अलग ही पहचान है। जिसकी वजह से मध्य प्रदेश का व्यापार दिन दूगना रात चौगुनी तरक्की कर रहा है और इस को आगे बढ़ाने में यहां के व्यापारी किसी भी प्रकार की कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जुलाई माह में व्यापारियों के साथ मुख्यमंत्री की बैठक आयोजित की जाएगी जिसमें व्यापार के क्षेत्र में मुख्यमंत्री द्वारा विस्तृत विचार विमर्श एवं चर्चा की जाएगी।

Previous articleहार्डवेयर, मशीनरी एवं लोहा कारोबारियों की दुकानों को निरीक्षण किया
Next articleनेशनल लोक अदालत को सफल बनाने बैठकों का दौर जारी