पाकिस्तान की धरती का इस्तेमाल कर रहे आतंकवादियों का खात्मा किया जाए-टिलरसन

0

अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व को सख्त शब्दों में कहा कि उन्हें देश में सक्रिय आतंकवादियों के खात्मे के लिए और प्रयास करने होंगे। टिलरसन मंगलवार को पाकिस्तान पहुंचे। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप द्वारा पाकिस्तान पर आतंकी संगठनों को सुरक्षित पनाहगाह मुहैया कराने का आरोप लगाने के बाद दोनों देशों के बीच उपजे तनाव को कम करने के लिहाज से टिलरसन के इस दौरे को अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री शाहिद खाकन अब्बासी के साथ मुलाकात में टिलरसन ने द्विपक्षीय सहयोग और साझेदारी, अमेरिका और पाकिस्तान के बीच आर्थिक संबंधेां को बढ़ाने और क्षेत्र में पाकिस्तान की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की।

अब्बासी ने एक अंतर-एजेंसी बैठक की अध्यक्षता की जिसमें विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ, गृह मंत्री अहसान इकबाल, रक्षा मंत्री सुरम दस्तिगीर खान, विदेश सचिव तहमीना जानजुआ, सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा, आईएसआई प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल नवीद मुख्तार और अन्य अधिकारी शामिल हुए। पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास ने कहा कि टिलरसन ने राष्ट्रपति ट्रंप के उसी संदेश को दोहराया जिसमें उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान को अपनी धरती पर सक्रिय आतंकियों और उग्रवादियों के खात्मे के लिए प्रयास और बढ़ाने चाहिए। पाकिस्तान में आतंकवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह खत्म करने का दबाव झेल रहे प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन को आश्वासन दिया कि उनका मुल्क आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर प्रतिबद्ध है।

अब्बासी ने बंद कमरे में वार्ता शुरू होने से पहले टिलरसन को बताया, अमेरिका इस बात पर आश्वस्त हो सकता है कि हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में रणनीतिक साझेदार हैं और आज पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ दुनिया में सबसे बड़ा युद्ध लड़ रहा है। अब्बासी ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में परिणामों को पेश किया है।

Previous articleबैंकों को धोखाधड़ी पर अंकुश के लिए एस.ओ.पी. के हिसाब से चलना चाहिए-CVC
Next articleप्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका तथा ‘ठुमरी की रानी’ गिरिजा देवी का निधन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here