‘भारत एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है’-पीएम मोदी

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार अल सुबह जापान की राजधानी टोक्यो में भारतीय समुदाय को संबोधित किया. मोदी 13वीं भारत-जापान वार्षिक समिट में हिस्सा लेने के लिए जापान पहुंचे हैं. भारतीय समुदाय से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘भारत एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है. मानवता की दिशा में भारत के योगदान की पूरी दुनिया सराहना कर रही है. भारत में पब्लिक वेलफेयर की दिशा में पॉलिसी तैयार की जा रही है, उसी दिशा में काम हो रहे हैं.’

भारत में इंटरनेट और दूरसंचार पर पीएम मोदी ने कहा, ‘आज भारत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी गांवों तक पहुंच रही है. भारत में 100 करोड़ से ज्यादा मोबाइल उपभोक्ता हैं. आज के समय में एक जीबी डेटा पानी की बोतल से भी सस्ता मिल रहा है.’

मेक इन इंडिया पर उन्होंने कहा, ‘भारत वैश्विक ब्रांड के रूप में उभरा है. हम न केवल भारत के लिए बल्कि दुनिया के लिए गुणवत्ता वाले उत्पादों का निर्माण कर रहे हैं. इलेक्ट्रॉनिक्स और आॅटोमोबाइल निर्माण के क्षेत्र में भारत वैश्विक केंद्र बन रहा है. हम मोबाइल निर्माण में तेजी से नंबर वन की ओर आगे बढ़ रहे हैं.’

उन्होंने कहा कि हम हर साल सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को मनाते हैं. लेकिन इस बार से उनकी जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी. इस बार 31 अक्टूबर को पीएम मोदी सरदार पटेल की मूर्ति ‘स्टेच्यू आॅफ यूनिटी’ को देश को समर्पित करेंगे. गुजरात के नर्मदा नदी के पट पर स्थित स्टेच्यू आॅफ यूनिटी की ऊंचाई अमेरिका में स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी की ऊंचाई से दोगुना है.

उन्होंने कहा कि हमारे वैज्ञानिकों ने एक साथ अंतरिक्ष में 100 से अधिक उपग्रहों को लॉन्च करके रिकॉर्ड बनाया है. हमने बहुत कम खर्च में अंतरिक्ष में मंगलयान और चंद्रयान भेजा है. भारत वर्ष 2022 तक अंतरिक्ष में स्पेस स्टेशन भेजेगा. और इसमें यात्रा करने वाला भी भारतीय ही होगा.

Previous articleXiaomi Mi Mix 3 10GB रैम के साथ हुआ लॉन्च
Next articleFSSAI का निर्देश, फलों पर स्टिकर चिपकाने से करें परहेज