मुरैना – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्री भरत यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांति पूर्ण संपन्न कराना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराना हमारी पहली प्राथमिकता में शामिल है। उन्होनें कहा कि एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस अधिकारी अभी से वल्नरेवल, क्रेटिकल और संवैदनशील मतदान केन्द्रों पर अपना ध्यान केन्द्रित कर उन्हे चिन्हित करें।
कलेक्टर श्री भरत यादव सोमवार को अपने सभाकक्ष में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मतदान केन्द्रों के वल्नरेवल और क्रेटिकल के चिन्हित करने पर आयोजित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में एडीएम श्री एसके मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उमेश शुक्ला सहित सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने कहा कि चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं अनुकूल वातावरण निर्मित होने से निश्चित तोर पर मतदान शांतिपूर्ण होगा, वहीं मतदान के प्रतिशत में भी बढ़ोत्तरी होगी। उन्होनें कहा कि मतदान के लिए शांत माहोल एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने की अहत जिम्मेदारी पुलिस की होगी। उन्होनें पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे बाहुबलियों के डर से मतदाताओं को मुक्त करायें। इसके लिए सभी अधिकारी इस जिम्मेदारी को पूर्ण करने के लिए जुट जायें।
कलेक्टर श्री भरत यादव ने सिक्योरिटी प्लान पर चर्चा करते हुए कहा कि मतदान केन्द्र में तैनात कर्मचारी एवं पुलिस बल यदि जागरूक एवं निर्भीक है तो चुनाव आसानी से कराये जा सकते हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस और प्रशासन पर मीडिया, राजनैतिक दल, आयोग, प्रेक्षक, जनता आदि सभी की निगाह रहती है। इसलिए अधिक मुस्तैदी से पुलिस को अपने कर्तव्यों का निर्वाह करना होगा। विवाद की स्थिति उत्पन्न होने अथवा शिकायतें मिलने पर तत्परता पूर्वक उसका निराकरण करना होगा। चुनाव के पूर्व अपराधियों की धरपकड़ के साथ ही पिछले निर्वाचन के दौरान दर्ज प्रकरणों पर क्या कार्यवाही हुई यह भी देखना होगा। कलेक्टर ने कहा कि वाउण्ड ओवर की कार्यवाही अभी से करते रहे । जिला बदर और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के प्रस्ताव तैयार करके भिजवाएं। उन्होनें कहा सुरक्षा व्यवस्था में चूक होने अथवा त्रुटि होने पर आयोग द्वारा कोई कोताई नहीं बरती जायेगी। सभी सजग होकर अपने दायित्वों को निर्वाह के लिए तैयार रहे।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं एसडीओपी से कहा कि संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों को निरीक्षण कर लें। उन्होनें कहा कि अत्याधिक वर्षा से पोलिंग वुथों में बदलाव आया होगा। अगर भवन में मरम्मत करना हो तो अपनी रिपोर्ट में जरूर उल्लेख करें। साथी ही यह भी देखे कि भवन में रैम्प बने हैं या नहीं मतदान केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित रहे, होने वाली आम सभा के लिए अभी से मैदानों को चिन्हित किया जाये। आमसभा का स्थल ऐसा नहीं होना चाहिए जिससे यातायात प्रभावित हो। चिन्हित स्थलों पर पूरी निष्पक्षता के साथ आम सभा करने की अनुमति दी जाये।





























































