इंगलैंड में 30 मई से शुरू हो रहे आई.सी.सी. क्रिकेट एकदिवसीय विश्व कप में भारत के मैचों के लिए टिकटों की मारामारी मची हुई है। आलम यह है कि पाकिस्तान और भारत के बीच 16 जून को होने वाले हाई वोल्टेज मैच के टिकट महज 48 घंटे से कम समय में ही बिक गए। इस बार विश्व कप का आयोजन इंगलैंड में होने जा रहा है, ऐसे में क्रिकेट प्रेमी अपनी टीम को सपोर्ट करने के लिए अपना बैग अभी से पैक कर चुके हैं।
ब्रिटिश उच्चायोग के अनुसार इस बार करीब 80,000 से अधिक भारतीय विश्व कप का मैच देखने के लिए इंगलैंड जाने वाले हैं। यह अनुमान इंगलैंड जाने वाले भारतीयों और पिछली बार इंगलैंड में भारत की टीम का सपोर्ट करने गए फैंस के डाटा का आकलन करके लगाया गया है। अगर पूूरे विश्व की बात करें तो हमें नहीं पता कि आखिर कितने लोग विश्व कप के दौरान इंगलैंड आएंगे लेकिन भारत में क्रिकेट के प्रति लोगों की दीवानगी और बीते आंकड़ों को देखकर कहा जा सकता है कि इस लिस्ट में सबसे ज्यादा भारतीय ही होंगे।
बिटिश उच्चायोग ने कहा कि हमें रोजना 3,500 से अधिक वीजा की एप्लीकेशन आ रही हैं जबकि जनवरी से अप्रैल तक करीब 2 लाख लोगों को वीजा जारी किया जा चुका है। बता दें कि भारत और पाकिस्तान के मैच के लिए सबसे ज्यादा मारामारी है। उसके बाद दर्शक भारत-ऑस्ट्रेलिया और भारत-इंगलैंड का मैच देखना चाहते हैं। वहीं 16 जून के मैच के बाद विश्व कप के फाइनल मैच के लिए सबसे ज्यादा टिकटों की मारामारी है।






























































