सरकार सेना के साथ है और उसकी हर जरुरत की भरपाई की जायेगी- निर्मला सीतारमण

0

बाड़मेर: रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सेना हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं और उसे किसी भी तरह की कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। सीतारमण ने आज उत्तरलाई एयरफोर्स स्टेशन पर मीडिया से कहा कि सेना को और मजबूत करने के प्रयास किये जा रहे हैं और सरकार अलग-अलग रक्षा सौदे कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सेना के साथ है और उसकी हर जरुरत की भरपाई की जायेगी।

सेना को नहीं रहने दी जाएगी कोई कमी
रक्षा मंत्री ने सेना के पास हथियारों की कमी की चर्चा करने को गलत बताते हुए कहा कि बिना किसी आधार के ऐसा आकलन या चर्चा नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सेना के पास किसी प्रकार की कमी महसूस नहीं होने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि सेना के लिए समय-समय पर हथियार खरीदना एवं कमी होने पर उसकी भरपाई करना एक नियमित प्रक्रिया है। पूरे समय तक रक्षा मंत्री के नहीं होने पर निर्णयों में देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हैं और मनोहर पार्रिकर के बाद वित्त मंत्री अरुण जेतली के पास विभाग का अतिरिक्त प्रभार के समय भी बिना देरी किये काम हुए।

आतंकवाद को मिटाने के लिए सरकार कर रही है काम
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सेना से संबंधित किसी भी निर्णय में कोई देरी नहीं हुई हैं और ऐसे मुद्दे पर चर्चा करना सही नहीं होगा। सीतारमण ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर कहा कि वहां सुरक्षा के कई कदम उठाये जा रहे हैं और आतंकवाद को मिटाने के लिए केन्द्र सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने उत्तरलाई एयरफोर्स स्टेशन बेस को महत्वपूर्ण बताया। इससे पहले सीतारमण के एयरफोर्स स्टेशन पहुंचने पर एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ ने उनकी अगुवानी की। इस मौके पर उनका गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया। उन्होंने एयरफोर्स स्टेशन का जायजा भी लिया।

Previous articleपालखेड़ी में युवाओं और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जी के ‘‘दिल से’’ संवाद कार्यक्रम सुना
Next articleअमेरिका में राहुल गांधी बड़े कारोबारियों और भारतीयों से मिलेंगे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here