उत्तर प्रदेश के करीब 1600 गांवों को विकास की मुख्य धारा में लाया जायेगा: योगी

0

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि आजादी के बाद सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित उत्तर प्रदेश के करीब 1600 गांवों को विकास की मुख्य धारा में लाया जायेगा।

देश की अग्रणी कंपनी एचसीएल की एक परियोजना के अनावरण के मौके पर योगी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि एचसीएल जैसी बड़ी कंपनी के निवेश करने से सूबे के औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। ग्रामीण क्षेत्र में एचसीएल के प्रयास की सराहना करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे गांवों में रहने वालों का जीवन स्तर सुधरेगा। इस नेक काज में उनकी सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं में मदद करेगी।

खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) कार्यक्रम के बारे में चर्चा करते हुये श्री योगी ने कहा कि राज्य में छह जिलों को ओडीएफ घोषित किया जा चुका है जबकि इस साल के अंत तक 30 और जिलों को खुले में शौच मुक्त करना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि समाज के शिक्षित और जिम्मेदार लोगों को सरकार की विकासपरक कार्यक्रमों के बारे में जागरूकता फैलानी चाहिये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 45 हजार गांवों में विद्युतीकरण किया जा चुका है जबकि 2018 तक समूचे राज्य को बिजली से रोशन किया जायेगा। इसके लिये सौर ऊर्जा की मदद भी ली जायेगी। इस मौके पर एचसीएल कारपोरेशन के मुय कार्यकारी अधिकारी रोशनी नादर मल्होत्रा ने कहा, ‘एचसीएल फाउंडेशन का यह मानना है कि सकारात्मक सामजिक परिवर्तन, विकास के नये और रचनात्मक मॉडल द्वारा ही लाया जा सकता है। जहां से एचसीएल ने अपनी यात्रा शुरु की, उस स्थान से हमारी निकटता ने उत्तर प्रदेश को परियोजना शुरु करने के लिये सबसे सही बनाया।

यह परियोजना एक बाहरी भागीदारी के रुप में ग्रामीण क्षेत्र में बदलाव के बारे में नहीं बल्कि इस परिवर्तन यात्रा में हमारे साथ समुदायों को आगे ले जाने के बारे में है।’ इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एचसीएल फाउंडेशन की अब तक की सबसे बड़ी कॉपोर्रेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) परियोजना ‘समुदाय’ का अनावरण किया। ‘समुदाय’ ग्रामीण क्षेत्र में निर्माण एवं विकास की दिशा में एक पहल है, जिसने अब तक राज्य में लगभग छह लाख लोगों के लिये काम किया है।

इस अवसर पर श्री योगी ने कहा, Þमैं उत्तर प्रदेश में ‘समुदाय’ को लांच करने के लिये एचसीएल को बधाई देता हूं। मुझे इस बात पर गर्व है कि एचसीएल, जिसने अपनी शुरुआत उत्तर प्रदेश से की थी अब एक वैश्विक संगठन बन चुकी है, और इन्होंने उत्तर प्रदेश को ही अपने सबसे बड़ी सीएसआर परियोजना के लिये चुना है। मुझे पूरा भरोसा है कि जिस भावना के साथ यह प्रोजेक्ट लागू किया जा रहा है, वह निश्चित रुप से हर एक नागरिक के विकास में मदद करेगा।’

परियोजना के माध्यम से एचसीएल फाउंडेशन का उद्देश्य माडल गांवों का टिकाऊ और दोहराने योग्य ब्ल्यूप्रिंट तैयार करना है। उत्तर प्रदेश में इन माडल गांवों का विकास, लोगों को उचित निर्णय लेने में मदद करेगा और उनके बच्चों के लिये जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने में भी सहायता करेगा। दो साल से भी कम समय में,‘समुदाय’ ने 380 से अधिक सूचना और संचार प्रौद्योगिकी आधारित प्रौढ़ शिक्षा कक्षाओं की स्थापना के साथ साथ 1865 लोगों को नामांकित किया है।

‘समुदाय’के सहयोग से करीब 5000 किसानों को भागीदार बनाया गया है और समुदाय के तहत लगभग 5500 शौचालयों का निर्माण किया गया है, जो वर्तमान में उपयोग में हैं। इसके अलावा 63 गांवों में 49 मिनी सोलर ग्रिड की स्थापना की जा रही है। विभिन्न निवारक, प्रबन्धक और रोगनिवारक स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से 2000 गर्भवती महिलाओं और 7000 गंभीर कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य के लिया काम किया है।

Previous articleप्रदूषण के जहरीले स्तर पर पहुंच जाने की वजह दिल्ली के सारे प्राइमरी स्कूल आज रहेंगे बंद
Next articleपापुआ न्यू गिनी में आया 6.5 तीव्रता का भूकंप

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here