ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का इंग्लैंड का दौरा चार सितंबर से शुरू होगा, जिसमें जैव सुरक्षित वातावरण में तीन टी-20 और इतने ही वनडे इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे.
एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है. ‘द डेली टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के अनुसार दौरे की शुरुआत टी-20 सीरीज से होगी. टी-20 मैच चार, छह और आठ सितंबर को खेले जाएंगे.
इसके बाद 10, 12 और 15 सितंबर को वनडे इंटरनेशनल मैच होंगे. रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलियाई टीम निजी विमान से इंग्लैंड रवाना होगी और सभी छह मैच साउथेम्प्टन और मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जाने की संभावना है.
इन दोनों स्थानों पर टीमों, मैच अधिकारियों और प्रसारकों के ठहरने के लिए स्टेडियम से लगे होटल हैं. इन दोनों मैदानों पर ही अभी इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है, जिससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी भी हुई.
इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज भी इन्हीं स्थानों पर खेली जाएगी. ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने इस दौरे के लिए पिछले सप्ताह 26 सदस्यीय संभावित टीम का चयन किया था.






























































