कोरोना का कहर: इंदौर दूसरे डॉक्टर की कोरोना से मौत, हॉस्पिटल में थे भर्ती

0

मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना वायरस की चपेट में आने से एक और डॉक्टर की मौत हो गई. दो दिन में यह दूसरे डॉक्टर की मौत हुई है. वहीं इंदौर शहर में कोरोना मरीजों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है.

कोरोना मरीज डॉक्टर की मौत अरविंदो हॉस्पिटल में हुई. डॉक्टर ओम प्रकाश चौहान 169 ब्रह्मबाग कॉलोनी में रहते थे. उनकी आयु 65 वर्ष बताई जा रही है. वे बीते 7 दिनों से बीमार थे. दो दिन पहले उन्हें इंदौर के अरविंदो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां कोरोना के अब तक 11 मरीज ठीक हुए हैं.

डॉक्टर ओम प्रकाश चौहान पिछले काफी समये से अपने प्राइवेट क्लिनिक के माध्यम से क्षेत्र के लोगों का इलाज कर रहे थे. डॉक्टर चौहान के कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें सबसे पहले सुयश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. लगातार इलाज के बाद भी डॉक्टर चौहान के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो रहा था.

इसके बाद उन्हें अरविंदो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां पर आज यानी शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. डॉक्टर की मौत के साथ आज इंदौर में कोरोना से चार लोगों की मौत हो गई. इसके साथ ही अब तक यहां कोरोना बीमारी से 27 लोग दम तोड़ चुके हैं.

इससे पहले कोरोना की चपेट में आए पहले डॉक्टर शत्रुघ्न पंजवानी की गुरुवार को मौत हुई थी. स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जडिया ने बताया, डॉक्टर शत्रुघ्न पंजवानी पिछले दिनों कोरोना पाजिटिव पाए गए थे और उनका उपचार पहले गोकुलदास में उसके बाद सीएचएल में चल रहा था. इसके बाद उन्हें अरविंदों में शिफ्ट किया था, लेकिन गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई.

Previous article16 हजार टेस्ट में सिर्फ 320 पॉजिटिव, देश में कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं: स्वास्थ्य मंत्रालय
Next articleसोनिया की मोदी सरकार से अपील- गरीबों को जून नहीं सितंबर तक मुफ्त अनाज दे सरकार