दिल्ली कोचिंग हादसा : IAS कोचिंग सेंटर के बेसमेंट से लापता छात्र का शव बरामद, 3 स्टूडेंट्स की मौत, 2 लोग हिरासत में

0

दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में शनिवार को भारी बारिश के बाद राव आईएएस कोचिंग सेंटर वाली एक इमारत के बेसमेंट में पानी भर जाने से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे 3 यूपीएससी स्टूडेंट्स की मौत हो गई। मरने वालों में 1 छात्र और 2 छात्राएं हैं। तीनों मृतकों की पहचान कर ली गई है। इस दर्दनाक घटना से गुस्साए छात्रों ने यूपीएससी स्टूडेंट्स की मौत पर विरोध प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ नारे लगाए। इस मामले में दिल्ली की राजस्व मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को घटना की जांच शुरू करने और 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। आतिशी ने एक्स पर पोस्ट किया, “यह पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं कि यह घटना कैसे हुई। इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”

दिल्ली पुलिस ने इस दर्दनाक हादसे के मामले में कोचिंग सेंटर मालिक और कोऑर्डिनेटर को गिरफ्तार किया। डीसीपी एम. हर्षवर्धन ने बताया कि इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने बीएनएस की धारा 105, 106 (1), 115 (2), 290 और 35 के तहत मामला दर्ज किया है। यह मामला कोचिंग संस्थान और बिल्डिंग के प्रबंधन और उन लोगों के खिलाफ है जो उस जगह के नाले के रख-रखाव के लिए जिम्मेदार थे। आगे की जांच जारी है।

हादसे के बाद डीसीपी हर्षवर्धन ने संवाददाताओं को बताया था कि ऐसा लगता है कि बेसमेंट में बहुत तेजी से पानी भर गया था, जिसके कारण कुछ लोग अंदर फंस गए थे। बता दें कि, बेसमेंट में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग द्वारा कई घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान दो छात्राओं और एक छात्र के शव घटनास्थल से बरामद किए गए। वहीं, अब इस हादसे पर सियासत भी शुरू हो गई है। भाजपा से लेकर कांग्रेस तक इस घटना के लिए ‘आप’ सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

Previous articleभारतीय हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड को पहले मैच में 3-2 से हराया
Next articleसौभाग्य है कि देश में सर्वाधिक बाघ मध्यप्रदेश में हैं – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here