दो दिवसीय दौरे पर चीन पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वुहान में हैं. पीएम मोदी ने यहां चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान हुबेई म्यूजियम में रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ पीएम मोदी का स्वागत किया गया.
इसके बाद दोनों नेताओं के बीच मीटिंग हुई. जिसमें दोनों देशों के प्रतिनिधि भी शामिल रहे. भारत की तरफ से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल भी इस मुलाकात के दौरान मौजूद रहे. प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत और चीन विश्व शांति के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश साथ मिलकर चलने को तैयार हैं.
प्रधानमंत्री ने बातचीत में कहा कि ये भारतियों के लिए गर्व की बात है और मैं भारत का पहला ऐसा प्रधानमंत्री हूं जिसकी अगवानी के लिए आप (शी जिनपिंग) दो-दो बार राजधानी से बाहर आए हैं. पीएम ने कहा कि यह भारत के प्रति आपका प्यार और सम्मान दर्शाता है. उन्होंने कहा कि न्यू इंडिया और न्यू एरा की कोशिश दुनिया के हित में है क्योंकि दुनिया की 40 फीसद आबादी इन्हीं दो देशों में रहती है.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत-चीन मिलकर दुनिया को कई समस्याओं से निजात दिला सकते हैं. उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि आने वाले वक्त में ऐसी अनौपचारिक वार्ताएं परंपरा का हिस्सा बन जाएंगी. पीएम ने कहा कि अगर 2019 में ऐसी ही कोई समिट भारत में हो तो मुझे काफी खुशी होगी.
पीएम मोदी ने याद किए पुराने दिन
शी जिनपिंग से मीटिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पुराने दिन भी याद किए. उन्होंने कहा, ‘जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब मुझे वुहान आने का गौरव प्राप्त हुआ. मैंने यहां के बांध के बारे में बहुत सुना था. जिस स्पीड से आपने (शी जिनपिंग) आपका बांध का निर्माण कराया, उसने मुझे प्रेरित किया. मैं एक स्टडी टूर पर आया और बांध पर एक दिन बिताया.’
पीएम मोदी ने कहा, ‘चीन और भारत की संस्कृति नदी किनारों पर आधारित रही है. अगर हम मोहनजोदड़ो और हड़प्पा संस्कृति की बात करें, तो सारा विकास नदियों के किनारे ही हुआ है.’
शी जिनपिंग से इस मुलाकात के बाद पीएम मोदी कई और कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे. पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के बीच रिश्तों में तनाव और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात के मद्देनजर काफी अहम माना जा रहा है.































































