प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबेडकर जयंती के अवसर पर नागपुर पहुंचे और सबसे पहले दीक्षाभूमि गए। ये भूमि बहुत ही पवित्र है। यहां पीएम मोदी ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि समर्पित की और एकांत में थोड़ा वक्त बिताया। थोड़ी देर बाद कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। बीते दिनों प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया था, मैं कल अंबेडकर जयंती के विशेष अवसर पर नागपुर जाने को लेकर काफी सम्मानित महसूस कर रहा हूं।
भीम ऐप को बनाया जाएगा खास
नरेंद्र मोदी डिजिटल भुगतान को आसान बनाने के लिए भीम-आधार प्लैटफॉर्म और भीम ऐप के लिए कैश बैक के अलावा रेफरल बोनस योजना की शुरुआत करेंगे। भीम आधार एक ऐसा तरीका होगा जिसके जरिए व्यापारी और दुकानदार आसानी से पैसे का लेनदेन कर सकते हैं और उन्हें नगद की जरूरत नहीं होगी। रेफरल बोनस और कैशबैक सिस्टम की भी शुरुआत की जाएगी। आधार से जुड़े भीम ऐप के जरिए कोई भी व्यक्ति अपने बायोमेट्रिक डाटा से किसी दुकान पर बिना नगद का इस्तेमाल किए और बिना किसी कार्ड का इस्तेमाल किए डिजिटल तरीके से पेमेंट कर सकता है।
अंबेडकर के सपनों को मजबूत करेंगे
उन्होंने कहा, नागपुर में मैं दीक्षाभूमि पर प्रार्थना करूंगा जो डा अंबेडकर से जुड़ा एक पवित्र स्थान है। दीक्षाभूमि बौद्ध धर्म से जुड़ा एक महत्वपूर्ण स्थल है जहां अंबेडकर ने 14 अक्तूबर 1956 को बौद्ध धर्म स्वीकार किया था। मोदी ने कहा, हम डा अंबेडकर के सपनों का मजबूत, समद्ध और समावेशी भारत बनाने की दिशा में कठिन प्रयास कर रहे हैं।





























































