महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी को लेकर शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने मंगलवार को कहा कि अगली दशहरा रैली में पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के बगल में शिवसेना का मुख्यमंत्री बैठा होगा.
मुंबई में शिवसेना की दशहरा रैली को संबोधित करते हुए संजय राउत ने कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में हम 100 से ज्यादा सीटें जीत रहे हैं. उन्होंने कहा कि नोटबंदी के खिलाफ किसी की बोलने की हिम्मत नहीं हुई लेकिन उद्धव ठाकरे ने बोला. ठाकरे ने यह भी कहा था कि गलत नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था की गति धीमी हो गई थी.
संजय राउत ने कहा, अनुच्छेद 370 पर हम सरकार के साथ हैं. बीजेपी कहती है कि जल्द पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को भी हासिल किया जाएगा. इसपर भी हम सरकार के साथ हैं. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को एक आखिरी सबक सिखाओ और उसकी कमर तोड़ दो.





























































