अरुणाचल प्रदेश की हिंसा में सतीश कौशिक के 5 थिएटर जलकर ख़ाक

0

अरुणाचल प्रदेश में रविवार को स्थायी निवासी प्रमाण-पत्र (PRC) को लेकर हुआ विरोध प्रदर्शन हिंसक हो उठा. प्रदर्शनकारियों ने उप मुख्यमंत्री चाउना मेन के घर समेत फ़िल्ममेकर और एक्टर सतीश कौशिक के पांच थिएटर जला दिए. इस घटना के वक्त सतीश राजधानी ईटानगर में ही थे और समय रहते वो ईटानगर से सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे.

बताया जा रहा है कि अरुणाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों से आए लोगों को स्थायी निवास प्रमाण पत्र देने की सिफ़ारिश का विरोध किया जा रहा था. इसी दौरान भीड़ को काबू करने के लिए आईटीबीपी के जवानों ने हवाई फायरिंग की जिसमें दो युवकों की मौत हो गई. इस घटना के बाद प्रदर्शनकारी हिंसक हो उठे. उन्होंने ईटानगर में कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की साथ ही कई बिल्डिंग को भी आग के हवाले कर दिया गया.

सतीश कौशिक ईटानगर में इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल में शामिल होने आए थे. यहां के थिएटर चेन से सतीश बतौर प्रमोटर जुड़े हुए हैं. उन्होंने आगजनी का एक फोटो शेयर करते हुए बताया कि हम ईटानगर में फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने आए थे. हम होटल में थे कि तभी हिंसा भड़कने की खबर आई. फ़िल्म फ़ेस्टिवल बंद हो गया. लोगों ने हमारे 5 थिएटर जला दिए. इससे हमें भारी नुक़सान हुआ. शुक्र है हमें समय रहते अरुणाचल प्रदेश सरकार ने सुरक्षित प्रदेश से बाहर निकाला. हम सरकार का इस बात के लिए शुक्रिया करते हैं.

इस्तीफ़ा दे सकते हैं मुख्यमंत्री पेमा खांडू…
अरुणाचल में हिंसा भड़कने के बाद सैकड़ों की तादाद में प्रदर्शनकारी सड़कों पर आ गए हैं. जगह-जगह गाड़ियों को रोका जा रहा है. हालात बिगड़ते देख इंटरनेट सुविधा रोक दी गई है. कहा जा रहा है कि अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू इस्तीफ़ा दे सकते हैं. साथ ही प्रदेश में राष्ट्रपति शासन भी लगाया जा सकता है.

Previous articleपुलवामा हमले की कोर्ट की निगरानी में जांच नहीं, SC ने खारिज की याचिका
Next articleकानून का पालन सुशासन और लोक हित से जुड़ा – मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ