इरफान की ऐक्टिंग स्किल्स के ऊपर किसी को भी कोई शक नहीं है लेकिन उनका कहना है, ‘मुझे पता था कि ऐक्टर तो बन जाऊंगा लेकिन ऐसी शक्ल के साथ लव स्टोरीज वाली फिल्में करने का मौका नहीं मिलेगा।’ हालांकि अब हम उन्हें एक रोमांटिक रोल में उनकी अगली फिल्म ‘करीब करीब सिंगल’ में देखेंगे। इस फिल्म का डायरेक्शन तनूजा चंद्रा ने किया है। इस फिल्म में उनके अपॉजिट ऐक्ट्रेस पार्वती लीड रोल में हैं।
फिल्मों में अपने किरदारों को लेकर बात करते हुए इरफान ने कहा, ‘पहले मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे लव स्टोरीज़ वाले रोल भी ऑफर किये जाएंगे। मैं हमेशा से ऐसी फिल्में करना चाहता था लेकिन मुझे लगता था कि मुझे इसका मौका नहीं मिलेगा। दरअसल मैं अपने बारे में बहुत सीमित सोचता था लेकिन जिंदगी आपको चौंका देती है। मुझे लगता है कि मेरी इच्छा इतनी तीव्र थी कि मुझे हॉलिवुड में लव स्टोरी वाला रोल ऑफर किया गया। और फिर हर कोई शूजित सरकार नहीं होता जो मुझे ‘पीकू’ जैसी फिल्म में दीपिका पादुकोण के अपॉजिट इमेजिन कर ले।’






























































