चुनौतियों का सामना करने के लिए फौज तैयार-वाइस चीफ लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैनी

0

भारतीय सेना के नए वाइस चीफ लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैनी ने दावा किया है कि जम्मू कश्मीर में हालात पूरी तरह से नियंत्रण में हैं. मंगलवार को उन्होंने कहा कि लाइन ऑफ कंट्रोल के साथ ही कश्मीर के भीतरी इलाकों में हालात नियंत्रण में हैं. सैनी ने कहा कि भारतीय सेना किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है.

उन्होंने पाकिस्तान के सवाल पर कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर में लॉन्च पैडों को फिर से खोल दिया गया है. आतंकी शिविर शुरू हो गए हैं. लॉन्च पैड पर आतंकी सक्रिय हो गए हैं. लेफ्टिनेंट जनरल सैनी ने सीमा पर संघर्ष विराम उल्लंघन को लेकर भी बात की और कहा कि पिछले साल संघर्ष विराम के उल्लंघन की घटनाओं में इजाफा हुआ. उन्होंने साथ ही यह भी साफ कहा कि हम चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.

भारतीय सेना के उपप्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सैनी ने अपनी प्राथमिकताएं भी गिनाईं. उन्होंने कहा कि सैन्य उपकरण, गोला और बारूद आदि की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करना पहली प्राथमिकता होगी. लेफ्टिनेंट जनरल सैनी ने कहा कि देश की उत्तरी सीमाओं के साथ ही क्षमता विकास के मामले में खोखलापन दूर करना भी उनकी प्राथमिकता है.

लेफ्टिनेट जनरल सैनी ने कहा कि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के तहत बने सैन्य मामलों के विभाग के साथ सेना मुख्यालय का तालमेल बेहतर बनाने की कोशिश होगी. उन्होंने कहा कि वह चीफ ऑफ डिफेंस की नई व्यवस्था के तहत सेना के तालमेल को बेहतर कर और प्रभावी बनाने का प्रयास करेंगे.

Previous articleमुख्यमंत्री मेधावी योजना: पिता की सालाना आय 6 से 7.5 लाख रु. तो 75% फीस सरकार भरेगी
Next article10 दिन में पाक को धूल चटा सकती है सेना-PM मोदी