दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में रविवार को जो हिंसा हुई उसपर अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा ने दुख व्यक्त किया है. रॉबर्ट वाड्रा का कहना है कि जेएनयू जैसे बड़े संस्थान में इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए, सरकार को इस तरह की घटनाओं को रोकना चाहिए. रविवार शाम को कई नकाबपोश लोगों ने कैंपस में हमला किया और तोड़फोड़ की थी.
इस घटना पर रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, ‘JNU एक बड़ी संस्था है, मैं काफी दुखी और परेशान हूं जिस तरह की ये घटना हुई है. दुनिया देख रही है कि देश की राजधानी दिल्ली में ये क्या हो रहा है, ये शर्मनाक है.’
उन्होंने कहा कि ऐसा दोबारा नहीं होना चाहिए, ये छात्रों के लिए ठीक नहीं है. उनके माता-पिता काफी दुखी हैं. रॉबर्ट वाड्रा बोले कि मेरी सरकार से प्रार्थना है कि वह इस तरह की घटनाओं को रोकें और दोबारा ना होने दें. आपको बता दें कि इस हिंसा में करीब 30 से अधिक छात्र घायल हुए हैं.
घायलों से मिली थीं प्रियंका गांधी
रविवार को जब जेएनयू में हिंसा हुई तो काफी छात्र घायल हुए. कई छात्रों को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में ले जाया गया था. रविवार शाम को ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एम्स पहुंचकर छात्रों से हाल-चाल जाना था. प्रियंका गांधी ने छात्रों से मुलाकात करने के बाद कहा था कि छात्रों ने उन्हें बताया है कि गुंडों ने परिसर में प्रवेश किया, उनपर लाठियां बरसाईं. कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. एक छात्र ने कहा पुलिस ने उसके सिर पर कई बार घूंसा मारा.
दिल्ली पुलिस ने दर्ज की है एफआईआर
रविवार शाम को जब JNU में हिंसा हुई तो 50 से अधिक नकाबपोश लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे. यहां उन्होंने तोड़फोड़ की और कई छात्र घायल हुए. अब इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, इस मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच कर रही है.





























































