टूरिस्ट्स के लिए खोला गया सियाचिन, राजनाथ सिंह ने किया चेवांग रिनेचेन ब्रिज का उद्घाटन

0

लद्दाख को केन्द्र शासित प्रदेश बनाने के बाद सरकार ने वहां पर्यटन बढाने के उद्देश्य से बड़ा निर्णय लेते हुए दुनिया के सबसे ऊंचे रणक्षेत्र सियाचिन को पर्यटन के लिए खोल दिया है। यह पहला मौका है जब भारत और सियाचिन के बीच टकराव का केन्द्र रहे इस दुर्गम, बर्फ से ढके रहने वाले और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र को पर्यटकों के लिए खोला गया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज पूर्वी लद्दाख में श्योक नदी पर बनाये गये कर्नल चेवांग रिनेचेन ब्रिज को राष्ट्र को समर्पित किये जाने के बाद यह घोषणा की। सिंह ने ट्विट किया, ‘‘ लद्दाख में पर्यटन की बहुत अधिक संभावना है। बेहतर संपर्क साधनों के बाद यहां पर्यटकों की संख्या निश्चित रूप से बढेगी। सियाचिन क्षेत्र अब पर्यटकों और पर्यटन के लिए खुला है। सियाचिन बेस से कुमार पोस्ट तक पूरे क्षेत्र को पर्यटन के लिए खोल दिया गया है।”

उल्लेखनीय है कि सरकार ने गत 5 अगस्त को जम्मू कश्मीर को लद्दाख और जम्मू कश्मीर दो केन्द्र शासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया था। सिंह ने कहा कि इस ब्रिज को रिकॉर्ड समय में तैयार किया गया है और इसके कारण क्षेत्र के लोग अब हर मौसम में क्षेत्र में आ जा सकेंगे। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र में होने के कारण यह ब्रिज सामरिक रूप से भी महत्वपूर्ण है।

सिंह ने एक अन्य ट्विट में कहा कि भारत के चीन के साथ सौहाद्रपूर्ण संबंध हैं। सीमा को लेकर दोनों देशों के बीच अवधारणा से संबंधित कुछ मुद्दे हैं लेकिन इसे हमेशा परिपक्वता और जिम्मेदारी के साथ सुलझाया गया है। दोनों देशों ने कभी भी स्थिति को हाथ से नहीं निकलने दिया है। उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और यह उसका आंतरिक मामला है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ महाबलीपुरम में बैठक के दौरान कश्मीर का उल्लेख नहीं किया। उन्होंने कहा कि चीन का हाल ही में आतंकवाद के खिलाफ कारर्वाई के बारे में दिया गया बयान भी महत्वपूर्ण है।

सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत, उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह , बीआरओ के महानिदेशक ले. जनरल हरपाल सिंह , लद्दाख के सांसद जे टी नामग्याल और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद थे।

Previous article22 अक्टूबर 2019 मंगलवार , पंचांग एवं शुभ – अशुभ मुहूर्त
Next articleकमलेश तिवारी हत्याकांड : एक और गिरफ्तार, नागपुर ATS ने पकड़ा