नया मास्टर प्लान बनाते समय समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा जाये – संभागायुक्त श्री श्रीवास्तव

0

भोपाल  – ईपत्रकार.कॉम |संभागायुक्त सभाकक्ष में आज भोपाल जिले के वर्तमान मास्टर प्लान एवं नये मास्टर प्लान के क्रियान्वयन के संबंध में संभागायुक्त श्री अजातशत्रु श्रीवास्तव की अध्यक्षता में भोपाल मास्टर प्लान के नियोजन एवं पर्यवेक्षक समिति की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में श्री श्रीवास्तव ने कहा कि भोपाल मास्टर प्लान के लिए भोपाल विकास प्राधिकरण, नगर निगम, हाउसिंग बोर्ड, ग्रामीण विकास, संस्कृति, पर्यटन आदि विभागों द्वारा सुनिश्चित किया जाए कि उनके द्वारा भिन्न-भिन्न अधोसंरचनाओं का विकास मास्टर प्लान में की गई अनुशंसाओं के अनुरूप हो।

संभागायुक्त ने कहा कि आगामी 10 वर्षों में भोपाल शहर के कोलार, होशंगाबाद रोड, रातीबड़, एयरपोर्ट क्षेत्र विकसित हो रहे हैं। क्षेत्रों का विकास आम नागरिकों की सुविधाओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान का क्रियान्वयन होना चाहिए। मास्टर प्लान बनाते समय, बढ़ती हुई जनसंख्या का ध्यान रखते हुए जनसुविधाएं जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, सांस्कृतिक गतिविधियाँ आदि उपलब्ध हों। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर मास्टर प्लान का क्रियान्वयन करना है। स्मार्ट सिटी की योजना बनाते समय निम्न वर्ग और उच्च वर्ग की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य हो, जिससे समाज में समरूपता बनी रहे।

श्री श्रीवास्तव ने कहा कि तेजी से बढ़ते हुए शहर में खेल मैदानों की आवश्यकता है। इसको ध्यान में रखते हुए भूमि चिन्हित कर ज्यादा से ज्यादा खेल मैदान मास्टर प्लान में सम्मिलित करें। शहर में भिन्न स्थानों पर ऑडिटोरियम, कम्यूनिटी हॉल, ओपन थियेटर भी मास्टर प्लान में सम्मिलित किये जायें। आम जनता के मनोरंजन और व्यक्तित्व विकास के लिए इनका होना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि न्यू मार्केट की तर्ज पर विकसित होते शहर के चार स्थानों पर 10-10 एकड़ की भूमि चिन्हित कर मास्टर प्लान में लें। जहां छोटे-बडे सभी व्यवसायियों को लाभ मिल सके।

बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारी से शहर में विद्युत खपत की जानकारी लेते हुए संभागायुक्त ने कहा कि मास्टर प्लान के तहत सब स्टेशन डिजाईन करते समय हाइटेंशन लाईन घरों के ऊपर से न निकलें, इस बात को ध्यान में रखा जाये। शहर में चार बस स्टैण्ड के लिए भूमि चिन्हित कर मास्टर प्लान में सम्मिलित करें। लोक निर्माण विभाग सुनिश्चित करे कि शहर में ओवर ब्रिज, रेल्वे क्रासिंग, फ्लाई ओवर, पुल, सड़कें आदि मास्टर प्लान के अनुरूप हों।

Previous articleमुख्यमंत्री ने यू.ए.ई के प्रतिनिधि-मंडल से की व्यापार संभावनाओं पर चर्चा
Next articleसीआरपीएफ के केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय में दीक्षांत समारोह का आयोजन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here