नाथुराम गोडसे को लेकर दिए बयान से प्रज्ञा ठाकुर ने यू-टर्न ले लिया है। साध्वी ने नाथूराम गोडसे को लेकर दिये अपने बयान पर माफी मांग ली है। प्रदेश भाजपा मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष लोकेंद्र परासर ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है। अपने ट्वीट में परासर ने लिखा है कि नाथूराम गोडसे पर दिए अपने बयान के लिए साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने माफी मांगी है। यह उनका निजी बयान था ।भारतीय जनता पार्टी इस प्रकार के किसी भी बयान से सहमत नहीं हो सकती ।
ये है पूरा मामला
दरअसल, कमल हासन ने नाथूराम गोडसे को पहला हिंदू आतंकवादी करार दिया था। जिस पर साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, देशभक्त हैं और देशभक्त ही रहेंगे। उनको आतंकवादी कहने वाले लोगों को अपने गिरेबां में झांककर देखना चाहिए। ऐसे लोगों को जनता चुनाव में मुंहतोड़ जवाब देगी।



































































