पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान रेलवे स्टेशन का एक हिस्सा शुक्रवार शाम क्षतिग्रस्त होकर गिर गया है। स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास हुए इस हादसे में कई यात्रियों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद रेलवे के तमाम अधिकारी और स्थानीय प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए हैं।
बर्द्धमान रेलवे स्टेशन पूर्वी रेलवे के एक प्रमुख रेलवे स्टेशनों में एक है। बंगाल के इस रेलवे स्टेशन पर जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त यहां बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस घटना के बाद मलबे में कई यात्रियों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। इसे देखते हुए स्टेशन पर बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है, जिसमें आपदा प्रबंधन दल के साथ रेलवे और स्थानीय पुलिस के लोग भी शामिल हो रहे हैं।
हादसे के बाद यहां पर रेलवे के अधिकारियों के अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस, बर्द्धमान जिला प्रशासन और रेलवे प्रॉटेक्शन फोर्स के जवानों को भेजा गया है। साथ ही दमकल और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी मौके पर भेजा गया है, जिससे की हादसे में घायल किसी भी शख्स को जल्द से जल्द रेस्क्यू कर उसके इलाज का समुचित प्रबंध किया जा सके।





























































