विपक्ष को करारी शिकस्त देकर लोकसभा चुनाव में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी मां का आशीर्वाद लेने गुजरात जाएंगे। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
पीएम मोदी ने शनिवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि कल शाम मैं अपनी मां का आशीर्वाद लेने गुजरात जाऊंगा। उसके बाद परसों मैं मुझ पर विश्वास करने के लिए लोगों को धन्यवाद देने के लिए काशी में रहूंगा। बता दें कि प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरा बेन ने चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद मीडिया के सामने आकर लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया था और उन्हें धन्यवाद दिया था।
इससे पहले पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी तथा पूर्व भाजपा अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी के घर जाकर उनसे मुलाकात की और दोनों नेताओं के पैर छू कर आशीर्वाद लिया था। इस मुलाकात के बाद मोदी ने ट्वीटर पर लिखा कि आज भाजपा की यह सफलता संभव हुई है क्योंकि आडवाणी जी जैसे महान लोगों ने पार्टी को बनाने और लोगों के सामने नयी आदर्शवादी गाथा पेश करने के लिए दशकों मेहनत की है।





























































