कलेक्टर श्री अनिल सुचारी ने आज टीएल बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री अजय दिवाकर को निर्देश दिए कि जिले में हो रही वर्षा की कमी को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए अभी से तमाम प्रबंध सुनिश्चित किए जाए। आपातकालीन व्यवस्था के लिए अभी से प्लानिंग की जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी प्रकार से पेयजल संकट की स्थिति निर्मित ना हो सकें।
कलेक्टर श्री सुचारी ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए है कि जिले के सभी डेमों में पेयजल हेतु जल की उपलब्धता को ध्यानगत रखते हुए कार्यवाही की जाए। बैठक में कॉ-आपरेटिव बैंक के सीईओ ने बताया कि 63 हजार से अधिक ऋणी व 24 हजार 837 अऋणी किसानों का बीमा किया जा चुका है। सभी किसानों की प्रीमियम किश्त का डाटा एआईसी में जमा कराया जा चुका है।
जिले में शीघ्र ही महिलाओं के रोजगार हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा इसके लिए जिला रोजगार अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी एवं महिला सशक्तिकरण अधिकारी तथा आजीविका मिशन के अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए है।
मुख्यमंत्री ऑन लाइन 181 के ऐसे आवेदन जिन्हें फोर्स क्लोज किया गया है उन सभी प्रकरणांे में क्लोज करने के जबाव स्पष्ट अंकित हो के निर्देश देते हुए कलेक्टर श्री सुचारी ने कहा कि फोर्स क्लोज किए गए प्रकरणों में से मुख्यमंत्री समाधान ऑन लाइन में आवेदन शामिल किए जाते है।
कलेक्टर श्री सुचारी ने कहा कि सांसद आदर्श ग्राम के तहत जिले में चिन्हित किए गए ग्रामों में सर्वोच्च प्राथमिकता से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सेवाएं आदर्श स्थिति में परलिक्षित हो। उन्होंने इन ग्रामों का भ्रमण कर हितग्र्राहीमूलक योजनाओं से लाभांवित होने वालो की सूची तैयार कर शीघ्र लाभांवित कराने के निर्देश दिए है।
बैठक में श्रम, कृषि, खनिज, आधार कार्ड, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य विभाग, ऊर्जा विभाग के लंबित आवेदनों और जाति प्रमाण पत्र, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की अद्यतन प्रगति की भी समीक्षा की गई। वही वरिष्ठ कार्यालयों के साथ-साथ मानव अधिकार आयोग, पीजी सेल, समाधान ऑन लाइन और जन शिकायत निवारण के प्राप्त आवेदनों और पेपर कटिंग पर अब तक संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा की गई कार्यवाहियों की बिन्दुवार जानकारियां प्रस्तुत की गई।
कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर श्री एचपी वर्मा, डिप्टी कलेक्टर द्वय श्री रविशंकर राय, श्री एके मांझी के अलावा समस्त विभागों के जिलाधिकारी मौजूद थे।



































































