सागर – (ईपत्रकार.कॉम) |मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने कहा है कि प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में क्रांति लाएंगे। प्रदेश में किसानों के ऋण माफ हो रहे है। आने वाले दो दिनों में 25 लाख किसानों का ऋण माफ किया जा रहा है और इस प्रकार प्रदेश के 50 लाख किसानों को शीघ्र ही कर्ज से मुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ बुधवार को पीटीसी प्रांगण सागर में जय किसान ऋण माफी योजना के तहत गरिमामय आयोजन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में बड़ी चुनौतियां है। प्रदेश के लगभग 70 प्रतिशत लोगों का जीवन कृषि पर आधारित है। हम कृषि क्षेत्र की हर चुनौती को स्वीकार करते हुए समस्याओं का निराकरण कर कृषि क्षेत्र में क्रांति लाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने कहा मध्यप्रदेश में उद्योगों के निवेश के लिए हम विश्वास का वातावरण बनाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा इस क्षेत्र में निवेश आए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जितने उद्योग लगे उससे ज्यादा बंद हो गए। मध्यप्रदेश के नौजवानों में एक तड़प है कि उन्हें व्यवसाय और रोजगार का मौका मिले। प्रदेश के युवाओं को प्रशिक्षण देकर समुचित रोजगार के अवसर मुहैया कराने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रदेश का युवा विकसित मध्यप्रदेश का निर्माण करेगा।
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत और सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की बात कही। उन्होंने सागर के समुचित विकास की चर्चा करते हुए कहा कि यहां फ्लाई-ओवर, सड़कों का निर्माण, आईटी पार्क के विकास के साथ सागर का नया इतिहास बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन 70 दिवसों में राज्य सरकार ने नीति और नियत का परिचय दिया है। किसान जन्म से लेकर मृत्यु तक कर्ज के बोझ से दबा रहता है ऐसे समय में जय किसान ऋण माफी योजना के द्वारा मरहम लगाने का प्रयत्न किया जा रहा है। अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान के उत्पादन के साथ न्याय हो इसकी नितांत आवश्यकता है। ऐसी स्थिति में किसान के हितों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। उत्पादन के बढ़ने से धरती पुत्र की क्रय शक्ति में वृद्धि होगी जो हमारे विकास का परिचायक होगी। उन्होंने कहा सागर आकर नई उर्जा मिलती है। हम सभी प्रदेश के कृषकों, युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं के हितों की रक्षा करने प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में नए विश्वास का वातावरण निर्मित हो रहा है ताकि औद्योगिक क्षेत्र में युवाओं को रोजगार की सीधी प्राथमिकता सुनिश्चित की जा सकें। उन्होंने कहा सरकार वचन पत्र के वादों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी और ना ही जनता के विश्वास को टूटने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर जिले में 9.90 करोड़ की लागत की 33 गौशालाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने यहां पर 763 करोड़ से अधिक कार्यां का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने जय किसान फसल ऋण माफी योजना के प्रमाण पत्र व सम्मान पत्र 12 कृषकों को प्रतीक स्वरूप प्रदाय किए।
साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तहत 5 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र का वितरण, 05 हितग्राहियों को ऑटो-रिक्षा, अमृत योजना के अंतर्गत सूत्र सेवा के तहत 18 बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इन बसों का परिचालन सागर से अन्य शहरों की ओर किया जाएगा।
प्रदेश के वाणिज्यिक कर एवं जिले के प्रभारी मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर ने कहा मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने किसानों और बेरोजगारों के हित में सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ और बेरोजगारों के हित में निर्णय लिया। उन्होंने कहा सागर को सुन्दर बनायेंगे। यहां की झील को सुन्दर बनाने का कार्य किया जायेगा। आज छिंदवाड़ा माडल का नाम लिया जाता है, पूरा प्रदेश छिंदवाड़ा मॉडल होगा। प्रभारी मंत्री श्री राठौर ने कहा झील के चारों ओर 126 करोड़ की राशि से 5 स्मार्ट सड़क निर्माण का काम अतिशीघ्र किया जाएगा। इसमें तिली तिगड्डे से तीन मढ़िया, तिली तिगड्डे से सिविल लाईन, तीन मढ़िया से सिविल लाईन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक से ज्योति भवन एवं कटरा मस्जिद शामिल है। प्रभारी मंत्री ने कहा पर्यटन की दृष्टि से भी सागर का विकास किया जायेगा।
राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने सम्बोधित करते हुये कहा आज किसानों के चेहरे पर खुशी है, जो किसान कर्ज से दब गया था, वह अब कर्ज मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन शहरी विकास मंत्री एवं पर्यावरण मंत्री रहते हुए मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने सागर के विकास में भरपूर योगदान दिया। हम सबको कदम से कदम मिलाकर चलना है, और सागर का विकास सुनिश्चित करना है।
कुटीर एवं ग्रामोद्योग, नवीन एवं नवकरणीय मंत्री श्री हर्ष यादव ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा बुन्देलखण्ड का विकास कर देश में नया आयाम स्थापित करेंगे। बुन्देलखण्ड के विकास के लिये प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ यहां आए है। आप सबने ऐसी सरकार को मौका दिया जो अपने वचनपत्र के अनुरूप कार्य कर रही है।
इस मौके पर श्री हीरासिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री जी का स्वागत करते हुये कहा इतिहास में इतना कर्ज कभी माफ नहीं हुआ जितना सरकार ने किसानों का किया है।
इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री कमलेश्वर पटैल, बण्डा विधायक श्री तरवर सिंह लोधी, श्री अरूणोदय चौबे, श्री सुरेन्द्र चौधरी, श्री सुनील जैन, श्री नारायण प्रजापति, श्री भूपेन्द्र गुप्ता, श्रीमती रेखा चौधरी, श्री कमलेश साहू, श्री जीवन पटैल, श्री नेवी जैन, श्री मुकुल पुरोहित, श्री संदीप सबलोक, श्री प्रताप सिंह लोधी, सुश्री आंचल आठ्या, श्री मौनी केशरवानी एवं जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि सहित संभाग आयुक्त श्री मनोहर दुबे, आईजी श्री सतीश सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती प्रीति मैथिल नायक, पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में सम्मानीय मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान बंधु और नागरिकगण मौजूद थे।






























































