भारत को रियो ओलंपिक में मेडल दिलाने की प्रबल दावेदार हैं साइनाः कश्यप

0

राष्ट्रमंडल खेलों के चैम्पियन पी. कश्यप को लगता है कि लंदन खेलों की कांस्य पदकधारी साइना नेहवाल अगले महीने होने वाले रियो ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतने की ‘सर्वश्रेष्ठ दावेदार’ हैं. उन्होंने कहा कि पीवी सिंधू और के श्रीकांत ‘छुपेरूस्तम’ हो सकते हैं.

पदक जीतना नहीं होगा आसान
कश्यप ने यहां दिल्ली राज्य जूनियर रैंकिंग टूर्नामेंट लॉन्च करने के दौरान कहा, ‘साइना की रैंकिंग और उसकी फॉर्म देखते हुए, वह सर्वश्रेष्ठ दावेदार है. सिंधू और श्रीकांत टूर्नामेंट में छुपेरूस्तम की तरह हैं, उनसे किसी भी चीज की उम्मीद की जा सकती है.’ अजरुन पुरस्कार प्राप्त कर चुका यह खिलाड़ी मनु अत्री और बी सुमित की पुरुष युगल जोड़ी के क्वालीफाई करने से काफी खुश था. उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए शानदार उपलब्धि है. हालांकि उन्हें लगता है कि ओलंपिक में पदक जीतना इस भारतीय जोड़ी के लिए काफी मुश्किल काम होगा.

मुश्किल होगी प्रतिस्पर्धा
इस 29 वर्षीय खिलाड़ी ने 2012 लंदन ओलंपिक के पुरूष एकल के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया था और ऐसा करने वाला देश का पहला पुरुष शटलर बन गया था. उन्होंने कहा, ‘मैं यह नहीं कहूंगा कि मनु-सुमित पदक के दावेदार हैं क्योंकि यह काफी कड़ी प्रतिस्पर्धा है और पहली बार पुरुष युगल जोड़ी ने क्वालीफाई किया है. मैं उम्मीद करूंगा कि उन्हें अच्छी जीत मिले.’

ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा भी ला सकती हैं मेडल
महिला युगल में कश्यप को लगता है कि 2011 विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदकधारी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा के भी पदक जीतने की संभावना हो सकती है क्योंकि उन्होंने हमेशा बड़े टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है. कश्यप का ओलंपिक क्वालीफाई करने का सपना उनकी घुटने की चोट के कारण टूट गया था जो उन्हें इस साल के शुरू में मार्च में जर्मन ओपन के प्री क्वार्टरफाइनल के दौरान लगी थी. उन्हें अपनी चोट के समय का काफी अफसोस है.

सितंबर में वापसी करेंगे कश्यप
उन्होंने कहा, ‘मैं मार्च के पहले हफ्ते में ही चोटिल हो गया. अगर चोट दो महीने पहले लगी होती तो मैं अब तक ठीक होता और शायद रियो में खेल रहा होता.’ पिछले चार महीनों से चोट से उबर रहे कश्यप ने कहा कि अब वह फिट हैं और सितंबर में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट में वापसी करेंगे. उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि मैं इंडोनेशिया ग्रां प्री में प्रवेश करूंगा लेकिन मैं अगली दो सुपर सीरीज में खेलने के बारे में सुनिश्चित नहीं हूं क्योंकि मेरी रैंकिंग गिर गई है.’ कश्यप ने अन्य भारतीय शटलर जैसे कनाडा ओपन विजेता बी साई प्रणीत और अमेरिकी ओपन के सेमीफाइलन में पहुंचे अजय जयराम की भी तारीफ की और कहा कि ये खिलाड़ी आगामी टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ सकते हैं.

अजय जयराम के साथ खेलने को उत्साहित
उन्होंने कहा, ‘प्रणीत को मैंने हमेशा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से एक माना है लेकिन भारत में लोगों ने उसे इतना खेलते हुए नहीं देखा है. अजय मेरे साथ अगले दो महीनों के लिए मेरा ट्रेनिंग जोड़ीदार होगा, इसलिए उसके बारे में मेरा निहित स्वार्थ है. मैं उम्मीद करता हूं कि वह प्रेरणादायी होगा और मेरी मदद करेगा.’

Previous articleसबसे तेजी से 200 करोड़ की कमाई करने वाली फिल्म बनी ‘सुल्तान’!
Next articleनैरोबी में पीएम मोदी बोले- सिर्फ हिंदुस्तानी लोगों में हैं पूरे विश्व को एक करने का जज्बा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here