प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि भ्रष्टाचार करने पर किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। भ्रष्टाचार एवं कालेधन के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी इसमें लिप्त कोई भी व्यक्ति अब बच नहीं पायेगा। पीएम ने कहा कि इसकी वजह से पहले ही तीन पूर्व मुख्यमंत्री जेल में ‘सड़’ रहे हैं। पीएम मोदी ने नेशनल कैडेट कोर की रैली में युवाओं से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में मदद करने का आहवान किया।
भ्रष्टाचार के ‘दीमक’ से पाना होगा छुटकारा
रैली में पीएम ने कहा कि लोगों को लगता था कि धनी और शक्तिशाली लोगों को कभी भी भ्रष्टाचार के मामले में पकड़ा नहीं जा सकेगा लेकिन अब इसी की वजह से तीन-तीन पूर्व मुख्यमंत्री जेल की सलाखों के पीछे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के ‘दीमक’ से छुटकारा पाने का सबसे ज्यादा फायदा गरीबों को होगा। पीएम ने कहा कि वह देश के नौजवानों, एनसीसी कैडेटों से कुछ मांगना चाहते हैं और उन्हें उम्मीद है कि वे उन्हें निराश नहीं करेंगे। बता दें कि हाल ही में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और जगन्नाथ मिश्रा को चारा घोटाले में सजा हुई है। वहीं भ्रष्टाचार के एक अन्य मामले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पी चौटाला भी जेल में है।
एनसीसी की पहचान एकता और अनुशासन
इसके साथ ही पीएम ने गणतंत्र दिवस पर होने वाली राजपथ परेड का जिक्र करते हुए कहा कि जब राजपथ पर 10 विदेशी राष्ट्राध्यक्ष और देशवासियों के सामने कैडेट कदमताल कर रहे थे तब वहां सिर्फ कैडेट नहीं बल्कि देश और उसका हौंसला आगे बढ़ रहा था। उन्होंने कहा कि एनसीसी की पहचान एकता और अनुशासन है।




























































