महान वीरांगना थी रानी अवंति बाई– मुख्यमंत्री श्री चौहान

0

वीरांगना अवंति बाई बलिदान दिवस पर आज माता मंदिर चौराहा स्थित प्रतिमा पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय जल-संसाधन और नदी विकास मंत्री सुश्री उमा भारती ने श्रद्धा-सुमन अर्पित कर, नमन किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि रानी अवंती बाई महान वीरांगना थी। उन्होंने देश की परतंत्रता की बेड़ियाँ काटने के लिये अपने रक्त की अंतिम बूँद न्यौछावर कर दी थी। स्वतंत्रता के लिये सर्वस्व अर्पित कर दिया। वीरों का सम्मान देश समाज का कर्त्तव्य है। वीर पूजे नहीं गये तो, वीरता बाँझ हो जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वीरांगना की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने और उनके प्रति सम्मान प्रगट करने के लिये अनेक कार्य करवाये हैं। भविष्य में भी जो कार्य आवश्यक होंगे, करवायें जायेंगे। सरकार जनता को भगवान मानकर उसकी सेवा के लिये सदैव तत्पर है। जन-आंकाक्षाओं को पूरा करना सरकार का कर्त्तव्य है।

केंद्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती ने कहा कि वीरांगना रानी अवंति बाई की प्रतिमा देश की राजधानी में स्थापित करवाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि रानी अवंतिबाई ने अंग्रेजों को युद्ध में परास्त कर दिया था। एक वर्ष तक स्वतंत्र रूप से शासन भी किया था। विश्वासघात के कारण ही अंग्रेज उनके विरूद्ध सफल हो सके।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केंद्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती का सम्मान किया। माता मंदिर चौराहे से दशहरा मैदान के लिये रैली को रवाना किया। इस अवसर पर सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री विश्वास सारंग, विधायक श्री प्रताप सिंह लोधी, खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री कोकसिंह नरवरिया एवं पूर्व विधायक श्री भैय्या साहब लोधी आदि जन-प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित था।

Previous articleजीवन मंगलमय बनाने के लिए करें हनुमान जी का ध्यान
Next articleनर्मदा के प्रति कृतज्ञता प्रगट करने उमड़ा जन सैलाव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here