एक्ट्रेस काजोल ने अपने दम पर बॉलीवुड में एक खास जगह बनाई है। काजोल ने फिल्म ‘बेखुदी’ से अपने करियर की शुरूआत की थी। 30 साल से काजोल इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। काजोल ने पर्दे पर कई महत्वपूर्ण और अनोखे किरदार निभाए हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में अपने काम की शुरुआत, उससे जुड़े संघर्ष और अपनी सफलता के बारे में खुलकर बात की है।
काजोल ने कहा- अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलना कोई आम बात नहीं है। उससे भी ज्यादा जरूरी खुद पर भरोसा रखना होता है। आप खुद पर भरोसा रखेंगे तभी दुनिया आप पर भरोसा करेगी।
काजोल ने आगे कहा- मैं लकी हूं और हम यह सब तभी कर पाते हैं जब हम खुद से प्यार करें, खुद पर भरोसा और विश्वास रखें। मैं आज जहां हूं शायद नहीं होती अगर मैं अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने की हिम्मत न करती। मैं बस काम करती रही, आगे बढ़ती रही और भविष्य में मैं खुद के लिए और कितनी चीजें बना सकती हूं, इसके बारे में सोचती रही। पुराना सब पीछे छोड़ मैंने बस आगे बढ़ने की सीख ली। लोग भी आपको तभी प्यार करते हैं जब आप खुद को प्यार करते हैं।
इसके अलावा काजोल ने कहा- मैं आज जो हूं, जैसी हूं, खुद को पसंद करती हूं। हालांकि यहां तक आने के लिए मुझे लंबे समय का इंतजार करना पड़ा लेकिन मैं कभी रुकी नहीं। मैं पसंद करती हूं जैसी भी मैं हूं, मुझे अपने बाल पसंद हैं, मैं जीरो साइज नहीं हूं, फिर भी खुद से प्यार करती हूं। भविष्य में मैं और बेहतर डायरेक्टर्स के साथ काम करना चाहती हैं जिससे लोग मेरे अंदर से वह चीजें निकालें जो शायद मैंने अपने अंदर कभी देखी ही न हों। कुछ नया सीखने और करने के लिए हमेशा खुद को तैयार रखना चाहिए।































































