गुजरात लायंस के लिए खेलने जा रहे केरल के तेज गेंदबाज बासिल थम्पी का मानना है कि आईपीएल उनके जैसे युवा घरेलू क्रिकेटरों के लिए अच्छा मंच है। थम्पी ने सौराष्ट्र क्रिकेट संघ मैदान पर पत्रकारों से कहा कि आईपीएल युवा घरेलू क्रिकेटरों के लिए अच्छा मंच है जिन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के साथ खेलने का मौका मिलता है। मेरे लिए यह बहुत बड़ा अवसर है।
थम्पी को गुजरात लायंस ने 85 लाख रूपए में खरीदा जबकि उसका बेसप्राइज 10 लाख रूपए था। उन्होंने कहा कि टी20 प्रारूप गेंदबाजों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण है । उन्होंने कहा कि सबसे छोटे प्रारूप में गेंदबाजी करना सबसे कठिन है। मैं खुशकिस्मत हूं कि कप्तान सुरेश रैना और प्रवीण कुमार तथा मुनाफ पटेल जैसे अनुभवी गेंदबाजों से टिप्स मिल रहे हैं। गुजरात लायंस को पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स से यहां खेलना है जिसके लिए मुख्यमंत्री विजय रूपाणी मौजूद रहेंगे। केकेआर के मालिक शाहरूख खान और जूही चावला के भी आने की उम्मीद है।






























































