रॉबर्ट वाड्रा से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को कहा कि ‘वाड्रा मेरे पति और परिवार हैं तथा मैं अपने परिवार के साथ हूं। महासचिव नियुक्त होने के बाद पहली बार कांग्रेस मुख्यालय पहुंची प्रियंका ने कहा, ”वह (वाड्रा) मेरे पति हैं, मेरा परिवार हैं। मैं अपने परिवार के साथ हूं।”
गौरतलब है कि मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप को लेकर ईडी वाड्रा से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के लिए जब वाड्रा ईडी कार्यालय पहुंचे तो प्रियंका भी उनके साथ वहां गईं और फिर वहां से कांग्रेस दफ्तर पहुंचीं। वाड्रा को अदालत ने पहले ही 16 फरवरी तक के लिए अग्रिम जमानत दे दी है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय पहुंचकर पदभार संभाला। उनके कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने के साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हो गए तथा उन्होंने ‘प्रियंका गांधी जिंदाबाद’ और प्रियंका नहीं ये आंधी है, दूसरी इंदिरा गांधी है’ और ‘प्रियंका गांधी आई है, नयी रोशनी लाई है के नारे लगाए।
इससे पहले पार्टी महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाला। हाल ही में प्रियंका को महासचिव-प्रभारी (पूर्वी उत्तर प्रदेश) और सिंधिया को महासचिव -प्रभारी (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) नियुक्त किया गया था।
जानें क्या है पूरा मामला
कांग्रेस नेता और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा विदेश में कथित तौर पर अवैध संपत्ति रखने के सिलसिले में धन शोधन से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिये बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। वाड्रा की पत्नी प्रियंका गांधी सफेद टोयोटा लैंड क्रूजर गाड़ी में उनके साथ थीं और उनके पीछे एसपीजी के सुरक्षाकर्मियों की गाड़ियां थीं। उन्होंने वाड्रा को मध्य दिल्ली के जामनगर हाउस स्थित एजेंसी के दफ्तर के सामने छोड़ा और वहां से फौरन अपनी गाड़ियों के काफिले के साथ रवाना हो गईं।
वाड्रा करीब तीन बजकर 47 मिनट पर ईडी के दफ्तर में दाखिल हुए। उनके वकीलों का एक दल पहले ही वहां पहुंच चुका था। यह पहला मौका है जब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के जीजा वाड्रा संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के आपराधिक आरोपों के सिलसिले में किसी जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुए हैं। वाड्रा ने पहले इन आरोपों से इनकार किया था और कहा था कि राजनीतिक बदले के लिये उनके खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली की एक अदालत ने वाड्रा को केंद्रीय जांच एजेंसी से सहयोग करने को कहा था। वाड्रा ने मामले में अग्रिम जमानत के लिये अदालत का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने उनसे लंदन से लौटने के बाद बुधवार को ईडी के समक्ष पेश होने के कहा था।
ईडी द्वारा राबर्ट वाड्रा से पूछताछ पर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा
भाजपा ने बुधवार को प्रियंका गांधी वाड्रा के पति राबर्ट वाड्रा से धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पूछताछ किये जाने को लेकर कांग्रेस एवं राहुल गांधी पर निशाना साधा । भाजपा ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव भ्रष्ट लोगों के ”गैंग और नरेन्द्र मोदी की पारदर्शी सरकार के बीच है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि वाड्रा को संप्रग सरकार के सत्ता में रहते हुए 2008..09 में पेट्रोलियम और रक्षा सौदों में रिश्ववत मिला।
उन्होंने संवाददाताओं के समक्ष दावा किया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के रिश्तेदार वाड्रा ने इस धन का उपयोग लंदन में कई करोड़ रूपये की आठ से नौ सम्पत्ति खरीदने में किया। भाजपा प्रवक्ता ने ई..मेल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वाड्रा की कंपनी को ऐसी अनेक कंपनियों से रिश्वत मिली जिन्हें कालेधन को सफेद करने के लिये बनाया गया था। उन्होंने कहा, ” 2019 का चुनाव भ्रष्ट लोगों के गैंग और नरेन्द्र मोदी की पारदर्शी सरकार के बीच है।
पात्रा ने कहा कि वे वाड्रा से पूछना चाहते हैं कि ‘रोडपति से करोड़पति बनने का क्या फामूर्ला है ? उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार कांग्रेस का कोर एजेंडा है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ” सभी लोग जानते हैं कि इस परिवार के लोग जमानत हैं । उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोलियम सौदे से प्राप्त रिश्वत वाड्रा से जुड़ी कंपनी के खाते में गई। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा विदेश में कथित तौर पर अवैध संपत्ति रखने के सिलसिले में धन शोधन से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिये बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। राबर्ट वाड्रा की पत्नी प्रियंका गांधी वाड्रा सफेद टोयोटा लैंड क्रूजर गाड़ी में उनके साथ थीं।





























































