सरकार समर्थित है दिल्ली हिंसा, अब कार्रवाई का वक्त-ओवैसी

0

एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने दिल्ली हिंसा पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. सांसद ओवैसी ने दिल्ली हिंसा को राज्य प्रायोजित बताया है . उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी का एक पूर्व विधायक इलाके के डीसीपी को अल्टीमेटम देता है तो ये बताता है कि उसे ऊपर से अनुमति मिली हुई है. उन्होंने कहा कि सरकार ने सख्ती क्यों नहीं की.

ओवैसी ने कहा कि अगर सरकार को इस बात की जानकारी थी कि ट्रंप के दौरे के दौरान हिंसा हो सकती है तो उन्होंने कार्रवाई क्यों नहीं की. उन्होंने कहा कि ये साम्प्रदायिक हिंसा नहीं है बल्कि सरकार समर्थित हिंसा है.

ओवैसी ने कहा है कि दिल्ली पुलिस बिना कारण भारतीयों का सम्मान छीन रही है और उनका अपमान कर रही है. ओवैसी ने कहा कि अब कार्रवाई का वक्त है.

बता दें कि दिल्ली हिंसा में अबतक एक कॉन्स्टेबल समेत 7 लोगों की मौत हो चुकी है. मरने वालों में 1 कॉन्स्टेबल और 6 नागरिक हैं. इस बीच हिंसा का वीडियो वायरल हो रहा है.

ऐसे ही एक वीडियो पर ट्वीट करते हुए ओवैसी ने गृह मंत्री अमित शाह पर वार किया है. ओवैसी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “अमित शाह आपकी पुलिस भारतीयों का सम्मान छीन रही है और बिना कारण उन्हें नीचा दिखा रही है. अभी कार्रवाई करें, ये पुलिसकर्मी कठोरतम कानूनी सजा के हकदार हैं.”

बता दें कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में सीएए को लेकर भड़की हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. तीसरे दिन भी मौजपुर-बाबरपुर इलाके में सुबह से ही पथराव हुआ है और जानकरी के मुताबिक, इस इलाके में हालात अभी पूरी तरह तनावपूर्ण बने हुए हैं. आज सुबह उपद्रवियों ने 5 मोटरसाइकिलों में आग लगा दी.

दिल्ली हिंसा में करीब 100 लोग घायल हुए हैं. फायर ब्रिगेड को भजनपुरा इलाके से अब तक 45 आगजनी की कॉल आ चुकी है. एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर भी पथराव किया गया है जबकि एक गाड़ी में आग भी लगा दी गई है जिसके कारण तीन फायर कर्मी घायल भी हुए हैं.

दिल्ली में बगड़ते हालत को देखते हुए अर्द्धसैनिक बलों की 35 कंपनियां तैनात कर दी गई है. इसके अलावा यहां पर स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, आर्थिक अपराध शाखा के पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है. दिल्ली के अलग-अलग जिलों से स्थानीय पुलिस को भी बुला लिया गया है. हालात को देखते हुए दिल्ली के इस इलाके में एक महीने के लिए धारा-144 लगा दी गई है.

Previous articleशाओमी जल्द लांच करेगा हाई-टेक SIM कार्ड, माइक्रो SD कार्ड की तरह स्टोर कर सकेंगा डेटा
Next articleअमित शाह से बैठक के बाद बोले केजरीवाल, पार्टी पॉलिटिक्स से ऊपर उठकर हुई मीटिंग