हिंदुस्तान भाजपा और आरएसएस का गुलाम बन गया है-राहुल गांधी

0

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर ओबीसी वर्ग की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। राहुल ने आज पार्टी के ओबीसी सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस में अन्य पिछड़े वर्ग के लोगों को उचित हिस्सेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान भाजपा के दो-तीन नेताओं और आरएसएस का गुलाम बन गया है। आज देश की ऐसी स्थिति बना दी गई है कि जो काम करता है वो पीछे रहता है। काम कोई करता है और फायदा किसी और को होता है। जो हुनरमंद है और जो खून-पसीना बहाता है उसे सम्मान नहीं मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को प्रधानमंत्री ने एक रुपया नहीं दिया। 15 उद्योगपतियों का कर्जा माफ किया।

ओबीसी को देश में नहीं मिल रहा सम्मान
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि किसान आत्महत्या कर रहे हैं लेकिन उनके कर्ज माफ नहीं किये जा रहे हैं। मोदी जी कहते हैं कि युवाओं को कौशल सिखाना है, लेकिन सच्चाई है कि देश मे हुनर की कोई कमी नहीं है। ओबीसी के पास हुनर की कोई कमी नहीं है। बस उनके हुनर को सम्मान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में ओबीसी की बात नहीं सुनी जाती है, लेकिन कांग्रेस में सबको सम्मान दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस के लोग देश को बांटने में लगे हैं। वे ओबीसी को बांटने में लगे हैं।

दो-तीन लोग नहीं चला सकते देश
राहुल ने कहा कि मोदी जी, अमित शाह और मोहन भागवत जी को समझ आ जायेगा कि भारत को दो-तीन लोग नहीं चला सकते हैं। ओबीसी को कांग्रेस में उचित हिस्सेदारी का वादा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हम आपको राजनीति में जगह देना चाहते हैं। कांग्रेस में ओबीसी को उनका अधिकार देंगे। जहां भी जरूरत होगी वहां आपके साथ खड़े रहेंगे। लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभाओं में आपको मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 50-60 फीसदी आबादी को मौका दिए बिना देश को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इस सरकार में ओबीसी, दलित और गरीब लोगों की कोई सुनवाई नहीं है, बल्कि इस सरकार में 20-25 लोगों (उद्योगपतियों) की चलती है।

Previous article11 जून 2018 राशिफल – जानिए कैसा रहेगा आपके लिए सोमवार का दिन
Next articleयात्रियों को मालूम है कि ट्रेनें देरी से क्यों चल रही हैं-गोयल