रोमांचक मुकाबले में जीता पुणे, मुंबई को 3 रन से हराया

0

कप्तान रोहित शर्मा का अर्धशतक भी मुंबई की जीत की लय कायम रखने के लिये काम नहीं आ सका और टीम आज यहां अपने घरेलू मैदान पर पुणे से इस दसवें चरण के दूसरे मैच में तीन रन से पराजित हो गयी। मुंबई को अपने शुरूआती मुकाबले में पुणे से सात विकेट से हार मिली थी, लेकिन इसके बाद से उसने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए लगातार छह जीत दर्ज की लेकिन आज इस हार से उसकी जीत की लय टूट गयी। मुंबई आठ मैचों में छह जीत से 12 अंक लेकर अब भी तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है, वहीं पुणे सात मैचों में चार जीत से आठ अंक लेकर चौथे स्थान पर है।

मुंबई ने टास जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके बाद पुणे ने छह विकेट गंवाकर 160 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। उसके लिये राहुल त्रिपाठी ने 31 गेंद में 45, अजिंक्य रहाणे ने 38 और अंत में मनोज तिवारी ने 22 रन की उपयोगी पारी खेली। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम कप्तान रोहित शर्मा की 39 गेंद में 58 रन की पारी के बावजूद 20 आेवर में आठ विकेट पर 158 रन ही बना सकी। इस तरह मुंबई की टीम सचिन तेंदुलकर को उनके 44वें जन्मदिन पर जीत का तोहफा नहीं दे सकी।

अंतिम दो आेवर में मुंबई को 24 रन की दरकार थी, टीम ने 19वें आेवर में सात रन जुटाये। अब छह गेंद में उसे जीत के लिये 17 रन चाहिए थे। जयदेव उनादकट (40 रन देकर दो विकेट) की पहली गेंद पर हार्दिक पंड्या (13) आउट हुए, दूसरी गेंद पर रोहित ने गगनदायी छक्का जड़ा, तीसरी गेंद में कोई रन नहीं, चौथी गेंद पर उनादकट ने रोहित का कैच लपककर उन्हें आउट किया, पांचवीं गेंद पर मिशेल मैकलेनगन रन आउट हुए, छठी गेंद पर हरभजन सिंह ने छक्का जड़ा। मुंबई ने सलामी बल्लेबाज जोस बटलर (17) और अपने भरोसेमंद नीतिश राणा (03) के विकेट जल्द ही गंवा दिये।

Previous articleमुश्किल में उत्तराखंड के CM त्रिवेंद्र सिंह रावत
Next articleभारत के बदलाव में पंचायतों की बड़ी भूमिका- PM मोदी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here