रायसेन – ईपत्रकार.कॉम |रबी सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता के संबंध में कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे द्वारा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के लिए आगामी रबी सीजन की फसलों के लिए पर्याप्त मात्रा में मांग के अनुरूप खाद-बीज की उपब्धता सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने सोसायटियों के बीच समन्वय स्थापित कर खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए कहा।
कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने गैरतगंज सहित अन्य क्षेत्रों में मांग के अनुरूप मसूर की उपलब्धता नेशनल सीड कार्पोरेशन द्वारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी तरह की कोई कठिनाई आने पर वरिष्ठ अधिकारियों से परामर्श लेने के भी निर्देश दिए। कृषि विभाग के उपसंचालक श्री एनपी सुमन ने बताया कि 01 नवम्बर से जिले में डारेक्टर वेनिफिट ट्रांसफर योजना लागू होने जा रही है। जिसके तहत 249 पीओएस मशीनों की आवश्यकता के विरूद्ध 24 पीओएस मशीन उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने वरिष्ठ अधिकारियों से सतत् सम्पर्क स्थापित कर पीओएस मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को आगामी तीन दिवस में सीड एवं फर्टीलाईजर विक्रिय के लिए जारी किए गए लायसेंसों की कुल उपलब्धता, उनके नवीनीकरण की स्थिति के संबंध में अवगत कराने के निर्देश उप संचालक कृषि को दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के नोडल प्रबंधक को औबेदुल्लागंज सोसायटी द्वारा जमा कराई गई किसानों की मूंग फसल जो कि नमी से प्रभावित बताई जा रही है, उसकी नई डब्ल्यूएचआर रिपोर्ट तैयार कर नियमानुसार सारी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को डूंगर एवं उटियाकला सोसायटी प्रबंधकों को तुरंत 34 मील के निकट स्थित वेयर हाउस पर उपस्थित होकर जांच एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर भण्डारित उपज में नमी की मात्रा की जांच कराने के निर्देश दिए। बैठक में उप संचालक कृषि श्री एनपी सुमन, जीएम सीसीबी श्री आरपी हजारी, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री चेतराम कौशल, उपायुक्त सहकारिता श्री एमएस तोमर, वेयरहाउस कार्पोरेशन के श्री हिण्डोलिया तथा डीएमओ श्री श्याम जी मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।






























































