मुख्यमंत्री की घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण करायें-कलेक्टर

0

शहडोल – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्री नरेश पाल ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश सभी विभागीय अधिकारियों को दिये हैं। कलेक्टर ने कहा है कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को पूर्ण करने में जहां गतिरोध उत्पन्न होता है उसे उनके संज्ञान में लायें, जिससे कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को समयसीमा में पूर्ण किया जा सके। कलेक्टर ने निर्देशित करते हुये कहा है कि निर्माण कार्यों में भूमि संबंधी प्रकरणों को विभागीय अधिकारी समयावधि की पत्रों में उन्हें बतायें ताकि भूमि संबंधी विवादों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के 50 लाख रूपये से अधिक लागत के निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुये कलेक्टर ने निर्देश दिये कि लोक निर्माण विभाग में लगभग जिन कार्यों में वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है उन्हें तत्काल पूर्ण करायें तथा भूमि विवाद के कारण अधूरे निर्माण कार्यों को तत्काल उनके संज्ञान में लायें ताकि भूमि विवाद का निराकरण कर निर्माण कार्यों को पूर्ण किया जा सके तथा जिन निर्माण कार्यो में वन विभाग से संबंधित अनुमति लंबित है ऐसे प्रकरणों को भी संज्ञान में लायें ताकि वन विभाग से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जा सके। कलेक्टर ने बकहो, खाम्हीडोल, बोडरी, सरवाही खुर्द, भन्नी, भमरहा, सेहरा, नगनौड़ी आदि गांवों में निर्माण कार्यों के लिये राजस्व अधिकारी भूमि उपलब्ध करायें। कलेक्टर ने उक्त निर्देश आज निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये। बैठक में कलेक्टर ने सीएम की घोषणा के अनुरूप रसमोहनी नहर के सर्वेक्षण, मरकी देवी जलाशय, केलमनिया जलाशय, झिरिया नाला, उदारी नाला, बड़ी घोघरी जलाशय तथा सोन नदी में उद्ववन सिंचाई योजना के निर्माण की प्रगति के संबंध में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। जिस पर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घोघरी जलाशय, उदारी जलाशय, झिरिया नाला, केलमनिया जलाशय का निर्माण कार्य प्रारंभ है तथा अन्य कार्यों का सर्वे एवं अन्य कार्यवाहियां की जा रही हैं। बैठक में कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग द्वारा करकटी से सिरौंजा, छतवई से कन्नाबहरा, जरवाही से बरूका, मलमाथर से खांड एवं अन्य मार्गों की प्रगति की समीक्षा की तथा निर्देश दिये कि लोक निर्माण विभाग के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाये। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि निर्माण एजेंसियों द्वारा कराये गये निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, उन्होने कहा कि गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा।

बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा बनाये जा रहे छात्रावास भवनों, स्कूल भवनों की भी प्रगति की समीक्षा की तथा निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाये। बैठक में जिला पंचायत द्वारा संचालित कार्यों की भी कलेक्टर द्वारा समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शहडोल श्री एस.कृष्ण चैतन्य, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, एसडीएम सोहागपुर श्री लोकेश जांगीड़, एसडीएम ब्यौहारी श्री जी.सी.डहेरिया, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन श्री डी.आर.आंकरे, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा श्री एम.के.धुर्वे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री उमेश कुमार धुर्वे, समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र डॉ.मदन त्रिपाठी, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री राजेश जोशी, एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Previous article2 नवम्बर 2017 गुरुवार, पंचांग एवं शुभ – अशुभ मुहूर्त
Next articleहर्षोल्लास के साथ मनाया गया मध्यप्रदेश स्थापना दिवस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here