उत्तर भारत में आया 5.8 तीव्रता का भूकंप

0

उत्तराखंड में आज रिक्टर पैमाने पर 5.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसे दिल्ली और उत्तर भारत के अन्य भागों में भी महसूस किया गया। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की इकाई राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान ब्यूरो के ऑपरेशन प्रमुख जेएल गौतम ने बताया कि भूकंप का केन्द्र उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में था। खबरों के मुताबिक देहरादून में भूकंप के काफी तेज झटके महसूस किए गए।

उन्होंने बताया, ‘भूकंप की गहराई 33 किलोमीटर थी और यह रात 10 बजकर 33 मिनट पर आया।’हिमालय क्षेत्र में आने वाला उत्तराखंड अधिक भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है। भूकंप के झटके पंजाब, हरियाणा, उनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी महसूस किए गए, जिसके बाद कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

फिलहाल, जान माल को कोई नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। खबरों के मुताबिक समूचे हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भूकंप महसूस किया गया। उंची इमारतों में रहने वाले लोग नीचे की ओर दौड़ पड़े। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, अंबाला, पंचकुला, सोनीपत, पानीपत और करनाल सहित हरियाणा में विभिन्न स्थानों पर भूकंप के झटके महसूस किए गए।
पंजाब में मोहाली, पटियाला, रोपड़, लुधियाना और जालंधर सहित कई स्थानों पर भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। वहीं लोगों ने नोएडा में भी भूकंप का झटका महसूस किया।

Previous articleजानिए क्यों भारत ने किए 20 हजार करोड़ के रक्षा सौदे !
Next articleजानिए मध्यप्रदेश कहाँ कहाँ आए भूकंप के झटके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here