खराब मौसम ने फिर अमरनाथ यात्रा में बाधा डाल दी। गुरुवार को मूसलधार बारिश के चलते पहलगाम व बालटाल दोनों मार्गों से यात्रा स्थगित रही। सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि खाने-पीने के सामान की कमी हो गई है। इससे गुस्साए श्रद्धालुओं ने ऊधमपुर हाईवे जाम कर नारेबाजी की। स्थानीय पुलिस तथा प्रशासन इस मामले में पूरी तरह फेल नजर आ रहा है।
वहीं खराब मौसम के चलते बालटाल में फेंस अमरनाथ यात्रा पर निकले यात्रियों के हैलीकॉप्टर की मदद से निकाला जा रहा है। यहां फेंसे यात्रियों को पहलगाम की ओर से रवाना किया जा रहा है। यात्रा का आज चौथा दिन है और हर दिन किसी न किसी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल यात्रा में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए राज्यपाल एनएन वोहरा ने श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के सीईओ उमंग नारुल को निर्देश दिए थे जिसके बाद आज सुबह से ही ये रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने का जिम्मा भारतीय वायू सेना को सौंपा गया है।
आपको बता दें कि घाटी में खराब मौसम के चलते शुक्रवार को जम्मू से अमरनाथ की तीर्थयात्रा स्थगित रही। इसके चलते हजारों श्रद्धालु बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों में फंसे रहे। वार्षिक यात्रा का प्रबंधन करने वाले श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि अमरनाथ जाने वाले जत्थे को शुक्रवार को जम्मू से रवाना होने की इजाजत नहीं दी गई थी।





























































