ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज स्पिन गेंदबाज शेन वॉर्न का मानना है कि टीम के नए कप्तान टिम पेन ज्यादातर दिनों तक कप्तान के रूप में रहने वाले नहीं हैं.
उन्होंने कहा कि उन्हें संदेह है कि पेन यह जिम्मेदारी संभाल सकेंगे क्योंकि उनका मानना है कि विकेटकीपर कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने में सक्षम नहीं होते.
बॉल टेंपरिंग मामले में स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने पेन को इंग्लैंड दौरे के लिए टीम का कप्तान बनाया है.
वॉर्न ने फॉक्स स्पोर्ट्स के साथ एक साक्षात्कार में कहा, ‘मैं एडम गिलक्रिस्ट (पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर) के सामने यह कह सकता हूं कि ज्यादातर विकेटकीपर अच्छे कप्तान नहीं बन सकते. मेरा मानना है कि विकेटकीपर उपकप्तान के तौर पर बहुत सही होते हैं, लेकिन कप्तानी के लिए नहीं.’
वॉर्न ने कहा, ‘पेन ने हालांकि कम समय में अच्छा काम किया है, लेकिन मुझे लगता है कि वह लंबे समय के लिए अच्छे विकल्प नहीं हैं. हमारे लिए अच्छी बात यह है कि जस्टिन लेंगर कोच के तौर पर मौजूद हैं. मुझे लगता है कि अलग-अलग प्रारूप में अलग-अलग कप्तान बनाने का विकल्प भी आजमाया जा सकता है.’




























































